मेरठ के कोतवाली इलाके में हिस्ट्रीशीटर असलम पहलवान के पिता के घर के बाहर हुई फायरिंग की जांच में पुलिस को हाजी फिरोज कुरैशी उर्फ भूरा के नेटवर्क से जुड़ी जानकारी मिली है। पुलिस के मुताबिक, एक बाल अपचारी भी फिरोज के संपर्क में था। उसे पकड़कर पूछताछ की जा रही है। यह घटना 8 सितंबर को हुई थी। सराय बहलीम निवासी हिस्ट्रीशीटर असलम पहलवान के घर में घुसकर उसके पिता को हथियारों के बल पर धमकाने और इसके बाद फायरिंग करने का आरोप लगा था। घटना के समय फिरोज उर्फ भूरा के साथ अदनान और कुछ अन्य युवक भी मौजूद थे। फिरोज जेल में, अदनान ने कोर्ट में किया सरेंडर हाजी सिराज की शिकायत पर पुलिस ने फिरोज, अदनान और कुछ अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया था। पुलिस ने फिरोज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, पुलिस का दबाव बढ़ने पर अदनान ने गाजियाबाद कोर्ट में पुराने मामले में सरेंडर कर दिया, जिसके बाद उसे भी जेल भेज दिया गया। फिरोज के संपर्क में रहने वालों की जांच शुरू फिरोज की गिरफ्तारी के बाद कोतवाली पुलिस ने उसके संपर्क में रहने वाले युवकों की जानकारी जुटानी शुरू की। इसी जांच में एक बाल अपचारी के उसके नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी सामने आई। पुलिस का दावा है कि हाजी सिराज के घर के बाहर हुई फायरिंग में भी बाल अपचारी की भूमिका सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया और पूछताछ शुरू कर दी। अब पुलिस फिरोज के संपर्क में रहने वाले दूसरे युवकों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है। जांच की जा रही है कि नेटवर्क में कितने लोग जुड़े हैं और किन घटनाओं में उनकी भूमिका रही है। फिरोज की हिस्ट्रीशीट खोलने की तैयारी एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि फिरोज कुरैशी से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। उनके आपराधिक रिकॉर्ड और गतिविधियों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिरोज की हिस्ट्रीशीट खोलने की प्रक्रिया भी कर रही है।

