ईरानी कप के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया टीम का हुआ ऐलान, ऋषभ पंत को मिली टीम की कप्तानी

ईरानी कप के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया टीम का हुआ ऐलान, ऋषभ पंत को मिली टीम की कप्तानी

Irani Cup 2026-27: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने ईरानी कप 2026-27 के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया की टीम घोषित कर दी है। टीम की कमान भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को सौंपी गई है, जबकि सरफराज खान उप-कप्तान की भूमिका निभाएंगे। ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया का सामना रणजी ट्रॉफी 2025-26 की चैंपियन जम्मू-कश्मीर की टीम से होगा। यह मुकाबला 1 से 5 अक्टूबर तक श्रीनगर में खेला जाना है।

इस बार ईरानी कप का आयोजन एशियन गेम्स 2026 और भारत की वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान हो रहा है। इस वजह से भारतीय क्रिकेट के कई प्रमुख खिलाड़ी इस मुकाबले में उपलब्ध नहीं होंगे। ऐसे में रेस्ट ऑफ इंडिया की टीम में युवा और घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मौका दिया गया है।

रेस्ट ऑफ इंडिया की टीम

ऋषभ पंत (कप्तान-विकेटकीपर), सनत सांगवान, शिखर मोहन, सुदीप घरामी, सरफराज खान (उप-कप्तान), स्मरण रविचंद्रन, मानव सुथार, सारांश जैन, आकाश दीप (फिटनेस पर निर्भर), मुकेश कुमार, मुकेश चौधरी, आर्यन जुयाल (विकेटकीपर), आर्यन पांडे, अनुकूल रॉय और आयुष दोसेजा।

न्यूजीलैंड दौरे से पहले ऋषभ पंत के पास अच्छा मौका

ऋषभ पंत को ईरानी कप के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया टीम का कप्तान बनाए जाने का सीधा सा अर्थ है कि उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज में जगह नहीं मिली है। वैसे, ऋषभ पंत अगस्त 2024 से ही भारतीय वनडे टीम से बाहर चल रहे हैं। उनकी जगह भारतीय वनडे टीम में केएल राहुल और ध्रुव जुरेल को शामिल किया गया है। हालांकि, अच्छी बात यह है कि रेड बॉल क्रिकेट में पंत को अभ्यास करने का मौका मिलेगा। बता दें कि भारत को अक्टूबर में न्यूजीलैंड के दौरे पर जाना है, जहां उसे मेजबान टीम के खिलाफ पांच वनडे और दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है।

भारतीय टीम का न्यूजीलैंड दौरा आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2027 की दौड़ में बने रहने के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे में ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ी का फिट रहना और फॉर्म में बने रहना भारत के लिए बेहद जरूरी है। ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया का नेतृत्व करना उनके लिए बहुत महत्वपूर्ण होने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *