चंदौली में चोरों के एक गिरोह का खुलासा करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 3.50 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। एक लग्जरी कार और ऑटो रिक्शा भी जब्त किया गया है। बुधवार शाम पुलिस लाइन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने गिरफ्तारी और बरामदगी की जानकारी दी। रेलवे कॉलोनी के पास बांट रहे थे चोरी का माल एएसपी के मुताबिक, बुधवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग रेलवे की इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी के पास चोरी का माल बांट रहे हैं। इस पर मुगलसराय पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम मौके पर पहुंची और आठ लोगों को पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से एक लग्जरी कार और एक ऑटो रिक्शा जब्त किया। आरोपियों के पास से 3.50 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण भी मिले। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रशांत सोनी उर्फ बाबू सेठ, विशाल भारती, रहमान उर्फ आंखी, राजेश सिंह, अनिल गुप्ता, दीपक जायसवाल, तुषार वर्मा, लकी जायसवाल इस प्रकार हुई है। बंद घरों की रेकी कर करते थे चोरी पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रेलवे कॉलोनी के बंद पड़े घरों की रेकी करते थे और फिर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। उन्होंने चंदौली और बलुआ थाना क्षेत्र के कई गांवों में भी चोरी की घटनाएं करने की बात बताई है। कार्रवाई में मुगलसराय थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, स्वाट प्रभारी रामजन्म यादव, सर्विलांस प्रभारी आशीष मिश्रा और संयुक्त टीम के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

