नूंह में दो पक्षों में संघर्ष, पथराव:500 रुपए के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद, एक दर्जन लोग घायल, पुलिस से शिकायत नहीं

नूंह में दो पक्षों में संघर्ष, पथराव:500 रुपए के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद, एक दर्जन लोग घायल, पुलिस से शिकायत नहीं

नूंह जिले के सदर थाना फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के गांव बीवा में 500 रुपए के लेनदेन को लेकर विवाद संघर्ष में बदल गया। इस दौरान दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले और पथराव भी हुआ। घटना में दोनों तरफ से करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। एक पक्ष के घायल आरिफ ने बताया कि विवाद एक दिन पहले दुकान पर 500 रुपए मांगने को लेकर शुरू हुआ था। उनका आरोप है कि पैसे को लेकर कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। आरिफ के अनुसार, आज कुछ लोग हथियार लेकर गांव के मुख्य स्टैंड पर पहुंचे। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि वहां फायरिंग भी की गई, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। बाजरा काट रहे लोगों के साथ भी मारपीट आरिफ का आरोप है कि इसके बाद उनके पक्ष के लोगों के साथ भी मारपीट की गई। उन्होंने बताया कि उनके पक्ष के करीब छह-सात लोगों को चोटें आई हैं। एक व्यक्ति के मुंह पर गंभीर चोट लगी है, जिससे उसके दांत टूटने और जीभ कटने का दावा किया गया है। पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि जंगल में बाजरा काट रहे लोगों के साथ भी मारपीट हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। थाना सदर फिरोजपुर झिरका प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि फायरिंग के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *