बस्तर के दूरस्थ इलाकों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए संचालित ज्ञानगुड़ी केंद्र के विद्यार्थियों ने इस साल भी बेहतर प्रदर्शन किया है। ज्ञानगुड़ी से निःशुल्क कोचिंग लेने वाली बांदे की छात्रा कृष्णा सेन का चयन MBBS पाठ्यक्रम में हुआ है। उपलब्धि पर कलेक्टर आकाश छिकारा ने छात्रा से मुलाकात कर उसकी मेहनत की सराहना की और प्रोत्साहन के तौर पर टैबलेट भेंट किया।
कृष्णा सेन की सफलता के साथ ही ज्ञानगुड़ी के विद्यार्थियों ने इस साल एक और उपलब्धि हासिल की है। संस्थान के छात्रों ने काउंसलिंग के पहले चरण में राज्य की 4 MBBS सीटों पर चयन हासिल किया है। प्रशासन का कहना है कि सीमित संसाधनों वाले परिवारों से आने वाले विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन मिलने से वे मेडिकल और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर रहे हैं।
NEET से लेकर SSC-बैंकिंग तक निःशुल्क तैयारी
ज्ञानगुड़ी केंद्र में आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है। यहां NEET, नर्सिंग और PAT जैसी व्यावसायिक परीक्षाओं के साथ SSC, रेलवे और बैंकिंग परीक्षाओं के लिए भी निःशुल्क मार्गदर्शन और कोचिंग उपलब्ध कराई जाती है।

