PM Modi के 25 साल पूरे होने पर Vadnagar से Varanasi तक निकलेगी बाइक रैली, Amit Shah करेंगे शुरुआत

PM Modi के 25 साल पूरे होने पर Vadnagar से Varanasi तक निकलेगी बाइक रैली, Amit Shah करेंगे शुरुआत

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में, भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को गुजरात के वडनगर से वाराणसी के लिए मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाई जाएगी और इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। वडनगर प्रधानमंत्री मोदी का जन्म स्थान है। भाजपा नेता और लोकसभा सदस्य वीडी शर्मा ने गांधीनगर में संवाददाता सम्मेलन में बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर मोटरसाइकिल रैलियों को दोनों शहरों से एक साथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा और ये रैलियां सात अक्टूबर को संपन्न होंगी।

मोदी सात अक्टूबर 2001 से 22 मई 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे थे। वर्तमान में वह वाराणसी लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वडनगर-वाराणसी मोटरसाइिकल रैली के राष्ट्रीय प्रभारी वीडी शर्मा ने कहा, ‘‘वडनगर में हरी झंडी दिखाकर रैली की शुरुआत करने के कार्यक्रम में अमित शाह, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल समेत कई अन्य लोग शामिल होंगे।’’
वाराणसी में होने वाले कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत कई नेता शामिल होंगे।

शर्मा ने कहा, ‘‘वडनगर से शुरू होने वाली रैली वाराणसी पहुंचने से पहले देश के कई हिस्सों से होकर गुजरेगी, जबकि वाराणसी से शुरू होने वाली रैली वडनगर जाएगी।’’
उन्होंने बताया कि भाजपा ने मोदी की 25 साल की जन-सेवा के उपलक्ष्य में इसका आयोजन किया है, जिसमें पार्टी कार्यकर्ता के तौर पर उनके सफर से लेकर गुजरात के मुख्यमंत्री और बाद में प्रधानमंत्री बनने तक का सफर शामिल है। शर्मा ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘यह रैली 10 राज्यों के 193 जिलों और लगभग 1,159 गांवों से गुजरते हुए करीब 40,000 किलोमीटर का सफर तय करेगी। इस दोतरफा यात्रा में लगभग 1,000 युवा हिस्सा लेंगे।’’
आयोजकों ने बताया कि मोटरसाइकिल रैली झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के उन इलाकों से गुजरेगी, जो पहले नक्सलवाद से प्रभावित थे।

कल्याणकारी और सशक्तीकरण योजनाओं से आए बदलावों को समझने के लिए लाभार्थियों, युवाओं और महिलाओं के साथ संवाद की योजना भी बनाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *