जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश राजपूत आज एटा पहुंचे। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल भेंट किए और माला पहनाई। मंगलवार दोपहर 2:30 पर प्रभारी मंत्री एटा पहुंचे थे। दरअसल, प्रभारी मंत्री कैलाश राजपूत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और एटा के लोगों को विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़ने के लिए आयोजित कार्यक्रमों को सफल बनाने आए थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि मोदी जी के 25 साल के सेवाकाल की जन कल्याणकारी उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाना है। हर नागरिक को विकसित भारत 2047 के संकल्प से सामूहिक रूप से जोड़ने के लिए ये कार्यक्रम हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री का जन्मदिन है। सरकार और संगठन ने मिलकर जिले के हर पोलिंग बूथ पर दो-दो सौ दीपक जलाने का लक्ष्य रखा है। संगठन और सरकार के लोग मिलकर इस काम को पूरा करेंगे। दीपक जलाकर प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दी जाएंगी और उनकी लंबी उम्र की कामना की जाएगी। उन्होंने कहा कि ईश्वर उन्हें इतनी शक्ति दे कि भारत विकसित हो और दुनिया में नंबर एक देश बन जाए। कैलाश राजपूत ने कहा कि अमीर लोगों को छोड़कर बाकी सभी को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का फायदा मिल रहा है। हाल ही में योगी सरकार ने आउटसोर्स कर्मचारियों की सैलरी 7 हजार रुपए बढ़ाई है। एक नया निगम भी बनाया गया है, जिससे अब ठेका कंपनियां आउटसोर्स कर्मचारियों को नौकरी से नहीं निकाल पाएंगी। उनके परिवार के लिए 5 लाख रुपए तक के कैशलेस इलाज की व्यवस्था भी की गई है। अब वकीलों को भी कैशलेस इलाज देने पर विचार चल रहा है। योगी सरकार ने यह फैसला लेने वाला देश का पहला राज्य है। अखिलेश जी की सरकार में अपार गुंडागर्दी हुई। दिनदहाड़े माताओं बहनों को लूटा गया। पूरा प्रदेश अराजकता में झोंक दिया गया। जितना ये लाल टोपी लगाकर प्रदर्शन करेंगे उतना ही भाजपा का प्रचार होगा। लोग कहेंगे ये गुंडे फिर आ गए। भारी संख्या में योगी का मुस्लिम समाज की माताएं बहनें लड़कियां गुणगान कर रहे हैं। आगामी चुनाव मोदी योगी के नेतृत्व में चुनाव होगा। भाजपा 300 से पार सीटें जीतेगी। बड़े बड़े माफिया प्रदेश छोड़कर भाग गए अतीक जैसे मिट्टी में मिला दिए गए।

