आउटसोर्स स्वास्थ्य विभाग मुलाजिम यूनियन पंजाब की पठानकोट इकाई ने मंगलवार को सिविल अस्पताल के बाहर स्वास्थ्य मंत्री पंजाब का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों ने स्वास्थ्य विभाग के कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, वेतन बढ़ाने और अन्य मांगों को पूरा करने की मांग की। यूनियन के जिला प्रधान राजन सैनी ने बताया कि प्रदेश कमेटी के आह्वान पर पंजाब के विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य मंत्री के पुतले फूंककर विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 31 अगस्त को पटियाला में स्वास्थ्य मंत्री के घर के सामने भी कर्मचारियों की मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया था। इसके बाद 2 सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य विभाग के निदेशकों के साथ यूनियन की बैठक हुई, लेकिन किसी मांग पर सहमति नहीं बनी। राजन सैनी बोले- सभी जिलों में स्वास्थ्य मंत्री के पुतले फूंके जाएंगे राजन सैनी के अनुसार, यूनियन ने स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न कैटेगरी के कच्चे कर्मचारियों को विभाग के अधीन लेकर पक्का करने, समान काम के लिए समान वेतन देने और बिल-2026 में सभी कैटेगरी के कर्मचारियों को शामिल करने की मांग रखी थी। उन्होंने बताया कि लुधियाना में हुई प्रदेश स्तरीय बैठक में तय किया गया कि पंजाब के सभी जिलों में सिविल सर्जन कार्यालयों के सामने स्वास्थ्य मंत्री के पुतले फूंके जाएंगे। इसी कड़ी में पठानकोट में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान यूनियन ने लोगों और कर्मचारियों को सरकार के खिलाफ पर्चे भी बांटे। नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें जल्द स्वीकार नहीं हुईं तो संघर्ष और तेज किया जाएगा।इस मौके पर वरिष्ठ उपप्रधान सोनिया, महासचिव सरबजीत सिंह, कैशियर करनदीप सिंह, मुख्य सलाहकार पूजा सैनी समेत अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

