सुल्तानपुर में लखनऊ-वाराणसी हाइवे पर मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे लोहरामऊ के पास हादसा हो गया। नाश्ते के लिए परिवार के साथ रुके 53 वर्षीय विजय धींगरा टहलने निकले थे। इसी दौरान लखनऊ की ओर जा रहे कोयला लदे ट्रक की चपेट में आ गए। ट्रक के पहिए के नीचे आने के बाद वे करीब 50 मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे में उनकी मौत हो गई। PGI से इलाज कराकर लौट रहे थे मृतक की पहचान वाराणसी जिले के सिद्धनाथ नगर निवासी विजय धींगरा पुत्र श्याम सुंदर धींगरा के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ लखनऊ के पीजीआई अस्पताल से इलाज कराकर घर लौट रहे थे। उनके साथ पत्नी, बेटा चिराग धींगरा और बहू भी थीं। विजय की पेशाब की नली लगी हुई थी। परिवार हाइवे पर 56 एनएच के पास भोजन और नाश्ते के लिए रुका था। परिजन नाश्ता कर रहे थे, इसी दौरान विजय बाहर टहलने निकल गए। ट्रक के आगे और पीछे के पहिए के नीचे आए बताया गया कि टहलते समय विजय लखनऊ की ओर जा रहे कोयला लदे ट्रक के सामने आ गए। ट्रक का अगला पहिया उनके ऊपर से गुजरने के बाद पिछला पहिया भी उनके ऊपर से निकल गया। वह ट्रक के पहिए में फंस गए और करीब 50 मीटर तक घसीटते चले गए। हादसे में उनकी कमर से नीचे का हिस्सा बुरी तरह कुचल गया। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। विजय को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली देहात पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। हादसे की परिस्थितियों और चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।

