बारां जिले से गुजरने वाले फोरलेन हाईवे NH-27 पर जगह-जगह एक-एक फीट तक गहरे गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं। शहर से गुजरने वाले हाईवे पर पैरोनमा और पुलिया के पास सड़क की हालत बेहद खराब है। खासकर पैरोनमा पुलिया के पास गहरे गड्ढों के कारण यह हिस्सा खतरनाक बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले दो साल में यहां 6 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई हादसे हो चुके हैं। अचानक अनियंत्रित हो रहे वाहन पुलिया के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण तेज रफ्तार वाहन अचानक अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो जाते हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में दोपहिया वाहन सवारों के साथ-साथ कार और अन्य वाहनों के लिए भी दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। टोल पूरा, सड़क की सुविधा अधूरी हाईवे की बदहाल स्थिति को लेकर वाहन सवारों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि NH-27 पर महंगा टोल वसूला जा रहा है, लेकिन सड़क की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा। टोल प्लाजा पर वाहन सवारों से पूरी राशि ली जा रही है, लेकिन बदले में उन्हें सुरक्षित और सुगम सड़क की सुविधा नहीं मिल रही। बारां-केलवाड़ा रोड भी गड्ढों में तब्दील बारां से केलवाड़ा जाने वाली सड़क की स्थिति भी लंबे समय से खराब है। वर्षों से पर्याप्त मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क जगह-जगह टूट चुकी है। भंवरगढ़ के पास एक-एक फीट तक गहरे गड्ढे वाहन सवारों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। इस मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों को खराब सड़क के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मरम्मत की मांग, हादसे रोकने की अपील क्षेत्र के लोगों ने एनएचएआई और प्रशासन से NH-27 के साथ बारां-केलवाड़ा रोड की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते गड्ढों को नहीं भरा गया तो गंभीर हादसों का सिलसिला जारी रह सकता है। उन्होंने हाईवे की नियमित निगरानी और खराब हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

