महोबा में डीएम आवास के पास सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात चोरों ने किराना दुकान को निशाना बनाया। चोर दुकान के ताले तोड़कर नकदी और करीब दो लाख रुपए का सामान ले गए। लेकिन इस चोरी में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि चोर ग्राहकों की उधारी का हिसाब रखने वाला बहीखाता भी अपने साथ ले गए। चोरों ने दुकान की गुल्लक में रखे करीब तीन हजार रुपए भी साफ कर दिए। जाते समय उसमें सिर्फ 2-2 रुपए के चार सिक्के छोड़ गए। दुकानदार के मुताबिक, ये सिक्के स्थानीय स्तर पर चलन में नहीं थे, इसलिए वह उन्हें भी इस्तेमाल नहीं करता था। घटना शहर के सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में होने से पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। मंगलवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे दुकानदार विजय कुमार नामदेव ने ताले टूटे देखे तो चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर डायल 112 और शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान करने में जुटी है। ताले तोड़कर दुकान में घुसे, बीड़ी-गुटखा समेत सामान ले गए सोमवार रात चोरों ने नामदेव वैरायटी स्टोर को निशाना बनाया। दुकान के ताले तोड़ने के बाद चोर अंदर घुसे और बीड़ी, सिगरेट, गुटखा समेत रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान चोरी कर लिया। दुकानदार के मुताबिक चोरी हुए सामान की कीमत करीब दो लाख रुपए है। चोर दुकान के टूटे हुए ताले भी अपने साथ ले गए। मंगलवार सुबह विजय कुमार नामदेव दुकान पहुंचे तो शटर और ताले की स्थिति देखकर उन्हें चोरी का पता चला। नकदी के साथ उधारी का बहीखाता भी उठा ले गए चोरी में सबसे ज्यादा चर्चा दुकान के बहीखाते की है। चोर वह बही भी अपने साथ ले गए, जिसमें दुकानदार ग्राहकों की उधारी का हिसाब लिखता था। इसके अलावा गुल्लक में रखे करीब तीन हजार रुपए भी चोरी कर लिए। हालांकि गुल्लक में 2-2 रुपए के चार सिक्के छोड़ दिए गए। दुकानदार के अनुसार ये सिक्के स्थानीय स्तर पर चलन में नहीं थे। चोरी के बाद गुल्लक में सिर्फ यही रकम बची मिली। सीसीटीवी फुटेज से चोरों की तलाश कर रही पुलिस घटना की जानकारी मिलने पर डायल 112 और शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखनी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। दुकानदार ने आशंका जताई है कि चोरी के पीछे किसी स्थानीय व्यक्ति का हाथ हो सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। डीएम आवास के पास हुई इस चोरी और उधारी का बहीखाता ले जाने की बात को लेकर इलाके में चर्चा बनी हुई है।

