जोबट तहसील के उबलड़ ग्राम पंचायत के दोहे फलिया में सोमवार को दो महिलाएं नाला पार करते समय तेज बहाव में फंस गईं। दोनों बकरियां चराकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान बकरियों के कुछ बच्चे तेज बहाव में फंस गए, जिन्हें बचाने के लिए महिलाएं नाले में उतर गईं। कुछ ग्रामीणों ने वीडियो बना लिया। जिसका वीडियो आज मंगलवार को सामने आया। दोहे फलिया निवासी सहाबाई (40) और जमकू (43) नाला पार कर रही थीं। नाले में उतरने के बाद पानी का बहाव अचानक बढ़ गया। इससे दोनों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया। एक महिला किसी तरह बाहर आ गई, जबकि दूसरी तेज बहाव के बीच फंस गई। ग्रामीणों ने मशक्कत कर महिला को बचाया महिला को नाले में फंसा देखकर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। मालसिंह डावर, दिलीप डावर, मुकेश, रणजीत, भेरू, निलेश, अंतिम और रंजीत मौर्य समेत कई लोगों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बकरियों के बच्चों को भी बचा लिया गया। वीडियो में महिला तेज बहाव के बीच फंसी नजर आ रही है, जबकि ग्रामीण उसे सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। नाले के पार रहते हैं 1000 से ज्यादा लोग ग्रामीणों के अनुसार नाले के दूसरी तरफ 1000 से ज्यादा लोग रहते हैं। रोजाना ग्रामीण इसी नाले से होकर आते-जाते हैं। बारिश के दौरान पानी का बहाव बढ़ने पर लोगों को जान जोखिम में डालकर नाला पार करना पड़ता है। सरपंच बोले- कई बार की पुल की मांग ग्राम पंचायत उबलड़ के सरपंच लक्ष्मण डावर ने बताया कि ग्रामीण कई बार नाले पर पक्के पुल की मांग कर चुके हैं। अधिकारियों को भी समस्या से अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक पुलिया का निर्माण नहीं हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द पक्का पुल बनाने की मांग की है।

