बिजनौर शहर में बाइक सवार दो लोगों ने करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग को बातों में उलझाकर उनके हाथ से सोने की अंगूठी उतरवा ली और बाइक से फरार हो गए। घर पहुंचने पर बुजुर्ग ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें दोनों संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित ने फुटेज के फोटो पुलिस को देकर आरोपियों की पहचान और अंगूठी बरामद करने की मांग की है। पंकज होटल के पास बाइक सवारों ने रोका नगर पालिका चौराहा, टाउन हॉल के सामने रहने वाले सुभाष कुमार वर्मा ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह निजी काम से सिविल लाइंस प्रथम गए थे। वहां से लौटते समय सम्राट दूल्हा कलेक्शन के सामने पंकज होटल के पास बाइक सवार दो लोगों ने उन्हें रोक लिया। पीड़ित के मुताबिक, दोनों ने उन्हें बातों में उलझा लिया। इसी दौरान उनके हाथ में पहनी सोने की अंगूठी उतरवा ली। अंगूठी करीब चार से पांच ग्राम की बताई गई है। काली बाइक से शक्ति चौराहे की ओर भागे सुभाष कुमार वर्मा के अनुसार, अंगूठी लेकर दोनों आरोपी काली बाइक से शक्ति चौराहे की ओर फरार हो गए। घर पहुंचने के बाद उन्होंने परिजनों को पूरी घटना बताई। परिजनों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो उसमें दोनों बाइक सवार संदिग्ध दिखाई दिए। फुटेज से लिए गए फोटो पीड़ित ने पुलिस को सौंप दिए हैं। उन्होंने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर अंगूठी बरामद करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

