पीलीभीत में जमीन कब्जाने आए 37 लोग गिरफ्तार:हथियारों के साथ 350 एकड़ जमीन पर कब्जा करने की कोशिश, पुलिस ने रोका

पीलीभीत में जमीन कब्जाने आए 37 लोग गिरफ्तार:हथियारों के साथ 350 एकड़ जमीन पर कब्जा करने की कोशिश, पुलिस ने रोका

पीलीभीत जिले के अमरिया थाना क्षेत्र में सोमवार को दोपहर 2:00 बजे एक खूनी संघर्ष होते-होते बच गया। गजरौला फार्म में 350 एकड़ कृषि भूमि पर जबरन कब्जा करने की कोशिश में दो गुट आमने-सामने आ गए थे। पुलिस की तुरंत कार्रवाई से 37 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिससे एक बड़ा विवाद टल गया। पुलिस ने मौके से कई हथियार और गाड़ियां भी जब्त की हैं। यह विवाद गजरौला फार्म में मौजूद करीब 350 एकड़ जमीन को लेकर है। स्थानीय निवासी श्रवण दत्त और हल्द्वानी निवासी नरबैल सिंह के बीच इस जमीन के मालिकाना हक को लेकर लंबे समय से झगड़ा चल रहा है। दोनों ही पक्ष इस जमीन पर अपना हक बताते हैं। सोमवार दोपहर करीब दो बजे नरबैल सिंह बिना किसी प्रशासनिक या पुलिस को सूचना दिए अपने 37 साथियों के साथ गजरौला फार्म पहुंचा। आरोप है कि इन लोगों के पास हथियार थे। वे ट्रैक्टरों की मदद से विवादित जमीन को जोतकर उस पर जबरन कब्जा करने की कोशिश में थे। दूसरे पक्ष ने खतरे को देखते हुए तुरंत अमरिया पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल और दूसरे अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से 37 लोगों को पकड़ा और उन्हें थाने ले आई। तलाशी के दौरान इनके पास से पांच राइफल, एक पिस्टल और 60 कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा, इस काम में इस्तेमाल की गईं छह कारें और तीन ट्रैक्टर भी जब्त कर लिए गए हैं। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि शुरुआती कार्रवाई के तौर पर सभी 37 आरोपियों को एक-एक लाख रुपये के मुचलके पर छोड़ा गया है। पुलिस अब राजस्व विभाग की मदद से जमीन के दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही, बरामद हथियारों के लाइसेंस की सही होने की जांच भी की जा रही है। इलाके में शांति बनी हुई है और दोनों पक्षों को कानून हाथ में न लेने की कड़ी चेतावनी दी गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *