शाहजहांपुर के कांट थाना क्षेत्र के सरथौली गांव में रविवार रात करीब 2 बजे 20 वर्षीय युवती वंदना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि करीब एक साल पहले उसके भाई की ससुराल वालों ने तंत्र-मंत्र कर उसे नमक खिला दिया था। इसके बाद से उसकी तबीयत खराब रहने लगी थी। रविवार रात हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। हालांकि, सोमवार तक परिजनों ने मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं दी थी। एक साल से चल रहा था इलाज वंदना सरथौली गांव निवासी रूपराम की बेटी थी। रूपराम पत्नी और चार बच्चों के साथ गांव में रहते हैं। परिजनों के मुताबिक, करीब एक साल पहले वंदना के भाई की ससुराल वालों ने तंत्र-मंत्र कराकर उसे नमक खिला दिया था। इसके बाद से वह बीमार रहने लगी। परिवार उसका लगातार इलाज करा रहा था। रविवार रात अचानक वंदना की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रात में कराया गया पोस्टमार्टम युवती की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने रात में ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। शिकायत मिलने पर जांच की बात परिजनों का आरोप है कि उन्होंने पहले भी कई बार थाने में शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि, सोमवार को भी उन्होंने पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी। कांट प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि परिवार ने मृतका के भाई की ससुराल वालों पर तंत्र-मंत्र कराने का आरोप लगाया है। लिखित तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

