सोमवार सुबह बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर एक आलू लदा ट्रक खराब खड़े ट्रक से टकरा गया। यह ट्रक शिकोहाबाद से आलू लादकर झांसी के मऊरानीपुर जा रहा था। हादसे में ट्रक का क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, चालक का इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, मऊरानीपुर कोतवाली की नई बस्ती निवासी इमरान ट्रक चला रहा था। उसने 52 वर्षीय संतोष को क्लीनर के तौर पर रखा था। दोनों शिकोहाबाद से आलू भरकर मऊरानीपुर के लिए निकले थे। सोमवार तड़के करीब तीन बजे उनका ट्रक बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 181 के पास पहुंचा। बताया गया कि चालक आगे निकलने के लिए ओवरटेक कर रहा था। तभी सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। चालक और क्लीनर को बाहर निकाला टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक इमरान और क्लीनर संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे की बचाव टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने क्षतिग्रस्त ट्रक में फंसे चालक और क्लीनर को बाहर निकाला। दोनों घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने इलाज के बाद क्लीनर संतोष को मृत घोषित कर दिया। संतोष की मौत की खबर मिलते ही परिवार में दुख का माहौल छा गया। मृतक के बेटे मनीष और मोहित रो-रोकर बेहाल हैं। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक चंद्रजीत सिंह यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

