Solar Industries करेगी Omnia Holdings का अधिग्रहण, 12,951 करोड़ में हुई ऑल-कैश डील

Solar Industries करेगी Omnia Holdings का अधिग्रहण, 12,951 करोड़ में हुई ऑल-कैश डील

सोलर इंडस्ट्रीज इंडिया लिमिटेड ने विस्फोटक एवं ‘ब्लास्टिंग’ समाधान क्षेत्र में अग्रणी बनने की दिशा में कदम आगे बढ़ाते हुए दक्षिण अफ्रीका की ओम्निया होल्डिंग्स लिमिटेड का करीब 13,000 करोड़ रुपये में अधिग्रहण करने की घोषणा की है। नागपुर स्थित यह सौर समूह औद्योगिक विस्फोटक और विस्फोट शुरू करने वाली प्रणालियों का विनिर्माण करता है। यह खनन, बुनियादी ढांचे, निर्माण, रक्षा और अंतरिक्ष क्षेत्रों की कंपनियों को सेवाएं देता है। समूह की दक्षिण अफ्रीकी बाजार में भी मौजूदगी है। ओम्निया होल्डिंग्स एक विविध कारोबार वाला वैश्विक समूह है जो खनन, कृषि एवं रसायन क्षेत्रों के ग्राहकों को रसायन और विशेष कारोबार क्षेत्रों से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराता है। 

सोलर इंडस्ट्रीज इंडिया ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि उसकी अनुषंगी कंपनी सोलर एसए इन्वेस्टमेंट्स प्रोपराइटरी लिमिटेड और ओम्निया होल्डिंग्स ने इस सौदे के लिए अंतिम समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। समझौते के अनुसार, ‘‘सोलर एसए इन्वेस्टमेंट्स प्रोपराइटरी, ओम्निया के सभी बकाया शेयर का करीब 1.35 अरब अमेरिकी डॉलर (12,951 करोड़ रुपये) के पूर्ण नकद सौदे में अधिग्रहण करेगी।’’ जोहानिसबर्ग स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध ओम्निया ने गत वित्त वर्ष में 1.41 अरब अमेरिकी डॉलर (13,307 करोड़ रुपये) का राजस्व दर्ज किया था।

 यह अधिग्रहण 2027 की शुरुआत से लेकर मध्य तक पूरा होने की उम्मीद है। यह संबंधित क्षेत्रों में प्रतिस्पर्धा संबंधी मंजूरियों समेत सामान्य शर्तों के पूरा होने पर निर्भर करेगा। सूचना में कहा गया कि सौदा सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद ओम्निया को जोहानिसबर्ग स्टॉक एक्सचेंज और ए2एक्स मार्केट्स सिक्योरिटीज एक्सचेंज से हटा दिया जाएगा। सोलर इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मनीष नुवाल ने कहा, ‘‘ओम्निया ऐसा कारोबार है जिसकी हम लंबे समय से उसकी खनन एवं कृषि कारोबार की मजबूती, अलग पहचान रखने वाली प्रौद्योगिकियों और ब्रांड तथा वर्षों से बनाए गए ग्राहकों के साथ मजबूत संबंधों के लिए प्रशंसा करते रहे हैं।’’

 उन्होंने कहा कि प्रस्तावित सौदा विस्फोटक और ‘ब्लास्टिंग’ समाधान क्षेत्र में वैश्विक अग्रणी कंपनी बनने की महत्वाकांक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। इस अधिग्रहण से एकीकृत फसल पोषण और जैविक समाधान के क्षेत्र में कंपनी को प्रवेश करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस अधिग्रहण से दुनिया का सबसे एकीकृत वैश्विक ‘ब्लास्टिंग’ मंच तैयार होगा। कंपनी ने कहा कि उसने पिछले तीन दशक में वैश्विक विस्फोटक उद्योग में मजबूत स्थिति बनाई है। उसने अफ्रीका में भी लगातार अपनी मौजूदगी का विस्तार किया है। 

सोलर इंडस्ट्रीज ने 2010 में जाम्बिया में एक विनिर्माण संयंत्र स्थापित कर दक्षिणी अफ्रीकी विकास समुदाय (एसएडीसी) क्षेत्र में पहली बार प्रवेश किया था। इसके बाद उसने 2015 में वितरण मंच के जरिये दक्षिण अफ्रीका में कारोबार शुरू किया और 2017 में मिडलबर्ग में अपने विनिर्माण संयंत्र को चालू किया। वर्ष 2024 में कंपनी ने खुले खनन, ड्रिलिंग, ब्लास्टिंग और विस्फोटक सेवाओं में विशेषज्ञता रखने वाली दक्षिण अफ्रीकी कंपनी प्रोब्लास्ट का अधिग्रहण कर देश में अपनी मौजूदगी को और मजबूत किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *