हरियाणा के पंचकूला में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायपुररानी थाना क्षेत्र के टाबर गांव के पास तेज रफ्तार कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार एक महिला समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। दोनों घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें चंडीगढ़ के सेक्टर-32 अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पंचकूला की तरफ आ रही थी कार
जानकारी के अनुसार, कार में कुल 5 लोग सवार थे और वे पंचकूला की तरफ आ रहे थे। टाबर गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक से कार की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। 3 की मौत व 2 घायल मृतकों में दिव्या निवासी शहजादपुर (महिला), संदीप निवासी सेक्टर-19, पंचकूला, मोहर निवासी सेक्टर-26, पंचकूला व घायलों में ऋषि निवासी सेक्टर-19, पंचकूला, पुष्कर निवासी डेराबस्सी (पंजाब) शामिल हैं। दोनों घायलों का इलाज जीएमसीएच सेक्टर-32, चंडीगढ़ में जारी है। प्रत्यक्षदर्शी के बयान पर मामला दर्ज
रायपुर रानी थाना SHO प्रीतम सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

