हिमाचल में रिटायर ऑफिसर को पैसे दोगुना करने का झांसा:पहले 11 लाख निवेश करवाए, फिर डेढ़ करोड़ का लालच; महिला समेत 4 पर एफआईआर

हिमाचल में रिटायर ऑफिसर को पैसे दोगुना करने का झांसा:पहले 11 लाख निवेश करवाए, फिर डेढ़ करोड़ का लालच; महिला समेत 4 पर एफआईआर

कांगड़ा जिला के पालमपुर में पैसे दोगुने करने का लालच देकर एक व्यक्ति से 11 लाख रुपए की कथित ठगी का मामला सामने आया है। मैंझा निवासी छिंद राज ने पालमपुर थाने में चार लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इनमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, 4 जुलाई 2026 को चार लोग छिंद राज के पास आए थे। उन्होंने उसे भरोसा दिलाया कि वे उसके पैसे दोगुने कर सकते हैं। इसके लिए पहले 4 लाख रुपए मांगे गए। छिंद राज उनके झांसे में आ गया और उसने 4 लाख रुपए दे दिए। अगले ही दिन आरोपियों ने उसे बताया कि उसके पैसे एक गेम में लगाए गए हैं। रकम बढ़ाने के लिए 7 लाख रुपए और निवेश करने होंगे। इसके बदले उसे 21 लाख रुपए देने का भरोसा दिया गया। ज्यादा पैसे मिलने के लालच में छिंद राज ने 7 लाख रुपए और दे दिए। डेढ़ करोड़ के लालच देने पर हुआ शक इसके बाद आरोपी पैसे लेकर चले गए। बाद में फोन पर उससे कहा जाने लगा कि वह 21 लाख रुपए और लेकर आए। इसके बदले उसे करीब डेढ़ करोड़ रुपए दिए जाएंगे। लगातार बढ़ती रकम और बड़े मुनाफे का लालच मिलने पर उसे शक हुआ। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत की। पुलिस जांच में जुटी पुलिस अब आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों की जांच कर रही है। शिकायतकर्ता से लिए गए 11 लाख रुपए के लेन-देन का पूरा नेटवर्क खंगाला जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस ठगी में कितने लोग शामिल हैं। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि कहीं अन्य लोगों को भी इसी तरह पैसे दोगुने करने का झांसा तो नहीं दिया गया। पैसा दोगुना करने के झांसे में न आए लोग: राणा डीएसपी पालमपुर सुनील राणा ने मामले की पुष्टि की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कम समय में पैसा दोगुना करने या भारी मुनाफा देने के किसी भी झांसे में न आएं। अनजान लोगों को पैसा देने से पहले पूरी जानकारी की जांच करें और संदिग्ध लेन-देन की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *