अलीगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। रात में ठंडी हवाओं के चलते मौसम सुहाना रहा। ऐसा लगा जैसे आसपास के किसी इलाके में बारिश हुई हो। लेकिन सुबह होते ही तेज धूप निकल आई। इसके साथ ही उमस बढ़ गई और लोगों को फिर गर्मी का अहसास होने लगा। सोमवार को मौसम में इसी तरह उतार-चढ़ाव बने रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दिन का अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दोपहर के समय हल्की बूंदाबांदी के भी आसार बताए गए हैं। रविवार को भी जताई थी बारिश की संभावना, नहीं हुई रविवार को भी मौसम विभाग ने दोपहर के समय हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई थी, लेकिन शहर में बारिश नहीं हुई। अब सोमवार को भी बूंदाबांदी का अनुमान है। ऐसे में मौसम विभाग का पूर्वानुमान कितना सटीक बैठता है, यह दिन चढ़ने के साथ ही साफ होगा। सितंबर के मध्य में पहुंचने के साथ अब बारिश का सीजन धीरे-धीरे विदाई की ओर है। ऐसे में लगातार बारिश होने की संभावना पहले की तुलना में कम मानी जा रही है। हालांकि स्थानीय स्तर पर बादलों की स्थिति और नमी के कारण कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। अलीगढ़ में फिलहाल मौसम का पैटर्न साफ नजर आ रहा है रात में ठंडी हवा और सुबह धूप के साथ उमस। दिन के तापमान में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होने के बावजूद उमस लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। अगले कुछ दिनों में मौसम का रुख मानसून की विदाई और तापमान में होने वाले बदलाव पर निर्भर रहेगा।

