युवती की निजी तस्वीर सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के जरिए उसके भाई और परिजनों को भेजकर सार्वजनिक करने के मामले में टिकरापारा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान परिमल भाई जयंती भाई कोंकणी (28), निवासी गुजरात के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 13 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से 25 सितंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि आरोपी ने उसकी बिना कपड़ों वाली निजी तस्वीर उसके भाई और अन्य परिजनों को व्हाट्सएप के जरिए भेजी। इसके साथ ही आरोपी ने आपत्तिजनक और गाली-गलौज वाले मैसेज भी भेजे। मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी। न्यायालय में पेश करके आरोपी को भेजा जेल टिकरापारा पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपी पर कार्रवाई की है। पुलिस ने डिजिटल माध्यम से भेजी गई तस्वीरों और आपत्तिजनक मैसेज को जांच का हिस्सा बनाया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान और उसके संबंध में जानकारी जुटाई। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस टीम ने आरोपी परिमल भाई जयंती भाई कोंकणी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड मंजूर होने पर उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने पीड़िता की निजी तस्वीर कितने लोगों को भेजी और इसके पीछे उसकी मंशा क्या थी? डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच की जा रही है।

