कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) की वार्षिक आम सभा (एजीएम) रविवार को केडीएमए वर्ल्ड स्कूल केशवपुरम में आयोजित हुई। बैठक में कुल 49 सदस्यों ने प्रतिभाग किया। एजीएम में महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए प्रथम राजीव शुक्ला चैलेंजर ट्रॉफी (महिला) आयोजित कराने का निर्णय लिया गया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर की महिला क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। प्रतियोगिता के सभी मुकाबले टी-20 प्रारूप में खेले जाएंगे। विजेता टीम को दो लाख रुपये और उपविजेता टीम को एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। दो साल के लिए पदाधिकारी चुने गए बैठक में सत्र 2026-27 और 2027-28, यानी दो वर्षों के लिए नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का चुनाव सर्वसम्मति से किया गया। उमेश मल्होत्रा को चेयरमैन और संजय तिवारी को अध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा विभिन्न पदों पर उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्यों का चयन किया गया। खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने पर जोर एजीएम में महिला क्रिकेट को अधिक अवसर देने और प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। बैठक के अंत में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों ने एसोसिएशन की क्रिकेट गतिविधियों को आगे बढ़ाने की बात कही। बैठक में पदाधिकारियों ने वंचित वर्ग के बच्चों को भी खेल में आगे बढ़ाने पर चर्चा की।

