नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर बसपा सुप्रीमो मायावती द्वारा प्रेस कांफ्रेंस कर अपनी बीमारी की खबरों को खारिज करने को लेकर है। वहीं, दूसरी बड़ी खबर गोंडा जा रहे सांसद चंद्रशेखर के समर्थकों और उनकी एक्स गर्लफ्रेंड के समर्थकों में बहस और धक्का-मुक्की से जुड़ी है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- मायावती ने बीमार होने की अफवाहों को खारिज किया, कहा- बिल्कुल ठीक हूं मायावती ने अपनी बीमारी की खबरों को खारिज कर दिया है। उन्होंने लखनऊ में प्रेस कॉफ्रेंस में कहा- मैं पूरी तरह स्वस्थ हूं। अपना काम कर रही हूं। पार्टी से निकाले गए लोग भ्रम फैला रहे हैं कि मैं बीमार हूं। इसी वजह से आज मैं आपके सामने आई हूं। आकाश आनंद अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के दिमाग से काम कर रहे हैं। वह अभी राजनीतिक रूप से परिपक्व नहीं हो पाए हैं। पूरी खबर पढ़ें 2- सांसद चंद्रशेखर-पूर्व गर्लफ्रेंड के समर्थक भिड़े; पल्लवी चकमा देकर पहुंचीं चंद्रशेखर करीब हजार समर्थकों के साथ गोंडा में विनोद साहनी हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे। बाराबंकी में पुलिस ने रोका तो कार्यकर्ताओं की धक्कामुक्की हुई। तभी एक्स गर्लफ्रेंड रोहिणी घावरी के समर्थक पहुंच गए। दोनों के समर्थकों में बहस के बाद धक्कामुक्की होने लगी। उधर, विधायक पल्लवी पटेल चकमा देकर वहां से निकली और परिवार से जाकर मिलीं। पूरी खबर पढ़ें 3- सीएम योगी कथावाचक प्रदीप मिश्रा की कथा में पहुंचे, बोले- ऐसी कथाएं होती रहें रायबरेली में चल रहे शिव पुराण कथा में पहुंचे सीएम योगी ने कहा- जब तक भारत में ऐसी पावन कथाएं और धार्मिक आयोजन होते रहेंगे, तब तक कोई भी देश या संस्कृति का ‘बाल भी बांका’ नहीं कर सकता। मंत्री मनोज पांडेय कथा के आयोजक हैं। प्रदीप मिश्रा कथावाचक हैं। सीएम योगी ने संबोधन से पहले ‘सियावर रामचंद्र की जय’, ‘पवनसुत हनुमान की जय’ के जयकारे लगवाए। पूरी खबर पढ़ें 4- राजनाथ ने खटीक समाज को चांदी का मुकुट लौटाया, बोले- गरीब की बेटी का पायल बनवाना आगरा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को खटीक समाज के सम्मेलन में चांदी का मुकुट पहनाया गया। मुकुट पहनने के बाद उन्होंने लौटा दिया। कहा- इस मुकुट से किसी गरीब की बेटी के लिए चांदी का पायल बनवा देना ताकि वह बिना पायल के विदा न हो। याद रखें टूटने से बिखरेंगे, जुड़ने से निखरेंगे। पूर्व विधायक शिव सिंह चक ने कहा- राजनाथ खटीक समाज की आन-बान-शान हैं। पूरी खबर पढ़ें 5- शामली में बाउंसर बोली- लॉरेंस बिश्नोई को गलत बोला तो मार डालूंगी, वह मेरा पति शामली के जाट नेता और एक यूट्यूबर को जान से मारने की धमकी देने वाली महिला बाउंसर को जयपुर से अरेस्ट किया गया है। बक्सर की बिंदू देवी को यूपी पुलिस शनिवार को शामली लाई। हाथ पर लॉरेंस बिश्नोई के नाम का टैटू है। 8 साल से लॉरेंस को पति मानती। पुलिस के सामने बोली- मैं लॉरेंस का जन्म-जन्म तक इंतजार करूंगी। अगर उसे किसी ने गलत बोला तो बदला लूंगी। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें… 6- हापुड़ में सिपाही ने राइफल से गोली मारी, मौत, थाने में पहरे की ड्यूटी पर था हापुड़ के धौलाना थाने में पहरा दे रहे सिपाही आशीष वर्मा की सरकारी रायफल से गोली लगने से मौत हो गई। एडिशनल एसपी के मुताबिक, उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की। वह 15 दिनों की छुट्टी खत्म कर ड्यूटी पर लौटा था। शुरुआती जांच में मानसिक तनाव की बात सामने आई है। चर्चा है कि उस पर काफी लोन था। जान देने से पहले किसी से फोन पर बात की थी। पूरी खबर पढ़ें 7- पूर्व मंत्री कौशल किशोर बोले- आउटसोर्सिंग खत्म हो, रैली में 25000 लोग जुटे लखनऊ में पारस महासंघ की आत्मसम्मान रैली में पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने आउटसोर्सिंग खत्म कर सीधी भर्ती करने और संविदा कर्मियों को नियमित करने की मांग की। कहा- आंगनबाड़ी, आशा, शिक्षामित्र, होमगार्ड समेत संविदा कर्मचारियों का शोषण बंद होना चाहिए। समान और रोजगारपरक शिक्षा लागू होना चाहिए। इस रैली में करीब 25 हजार लोगों ने शिरकत की। पूरी खबर पढ़ें 8- वाराणसी में 40 साल के MS डॉक्टर ने सुसाइड किया; बेड पर लाश मिली वाराणसी में 40 साल के यूरोलॉजिस्ट डॉ. शुभंकर गौतम ने एनेस्थीसिया का इंजेक्शन लगाकर जान दे दी। शनिवार रात हॉस्टल में बेड पर उनका शव बैठी हुई हालत में मिला। वह हेरिटेज इंस्टीट्यूट में 3 साल से थे। शाम को पत्नी से फोन पर विवाद के बाद उन्होंने OT से इंजेक्शन और सीरिंज ली थी। वह पटना के रहने वाले थे। 5 साल पहले शादी हुई थी। वाराणसी में अकेले ही रहते थे। पूरी खबर पढ़ें 9- लखनऊ में बेगम की तरह दिखीं मलाइका अरोड़ा; लोगों को ‘आदाब’ किया लखनऊ में शनिवार शाम मलाइका अरोड़ा बेगम के लुक में रैंप पर उतरीं। लखनवी चिकनकारी से सजी ड्रेस पहनकर उन्होंने लोगों से ‘नमस्ते’ और ‘आदाब’ किया। FICCI फ्लो ने होटल ताज में ‘गुलमोहर 2026-एक मकसद के साथ फैशन’ शो आयोजित किया था। इसमें लखनऊ की कला, कारीगरी और विरासत रैंप पर उतरी। लोकल डिजाइनर्स- ज्वैलर्स ने भी जलवा बिखेरा। पूरी खबर पढ़ें 10- सीतापुर में जिंदा जला 10 साल का बच्चा, मां ने भी दम तोड़ा सीतापुर में रविवार सुबह शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग में 10 साल के बच्चे और उसकी मां की जिंदा जलकर मौत हो गई। बच्चे का पूरा शरीर जल गया था। 17 साल की बहन भी गंभीर है। लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में उसका इलाज चल रहा। हादसे के वक्त पिता और बड़ा बेटा दुकान खोलने गए थे। दरअसल, मीटर बोर्ड में शार्ट सर्किट के बाद पास रखे डीजल से आग भड़क गई। पूरी खबर पढ़ें 11- कानपुर में जाजमऊ गंगा पुल 90 दिन के लिए बंद, आज से डायवर्जन कानपुर में जाजमऊ पुराने गंगापुल को मरम्मत और स्पैन के बेयरिंग बदलने के लिए 3 महीने बंद कर दिया गया है। रविवार से डायवर्जन लागू हो गया। बस-ट्रकों समेत भारी वाहनों की एंट्री नहीं होगी। लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली से कानपुर आने वाली 600 से अधिक बसों का रास्ता बदलेगा। डायवर्जन 13 दिसंबर तक रहेगा। NHAI डायरेक्टर बोले- छोटे वाहनों को अनुमति रहेगी। पूरी खबर पढ़ें 12- चंदौली में 6 डैम ओवरफ्लो, भदोही में अजगर निकला मानसून अब लौट रहा है। शनिवार सुबह से ज्यादातर जिलों में धूप खिली है। हालांकि, 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं और 4 लाख लोग प्रभावित हैं। चंदौली के 6 डैम ओवरफ्लो हैं। सभी गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा। भदोही में गांव में 15 फीट लंबा अजगर निकल आया। वन विभाग की टीम ने उसे पकड़कर जंगल में छोड़ा। बलिया में गंगा-सरयू नदी खतरे के निशान से ऊपर हैं। पूरी खबर पढ़ें 13- फतेहपुर में ट्रेन में मां की आंख लगी, खिड़की से गिरा 9 माह का मासूम फतेहपुर में सीमांचल एक्सप्रेस के स्लीपर कोच की इमरजेंसी खिड़की से गिरकर 9 माह के मासूम की मौत हो गई। बच्चा मां के साथ बीच की सीट पर सो रहा था। दूध पिलाने के बाद मां की आंख लग गई। इसी दौरान बच्चा खिड़की के पास पहुंचा और नीचे गिर गया। यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी। कई घंटे बाद शव झाड़ियों में मिला। पिता बोले- पहली बार बच्चा गांव जा रहा था। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- कुत्ते की तेरहवीं, हवन हुआ, प्रसाद बंटा, 12 साल से साथ था मेरठ में पालतू देसी नस्ल के कुत्ते टफ्फू की मौत के बाद परिवार ने उसे इंसानों की तरह अंतिम विदाई दी। शुक्रवार को उसकी मौत हुई थी। परिवार ने 3 दिन तक खाना नहीं बनाया। रविवार को तेरहवीं पर हवन हुआ। रिश्तेदारों-पड़ोसियों को बुलाया। आलू और सीताफल की सब्जी, रायता, कचौरी और बूंदी के लड्डू बनवाए गए। प्रसाद बांटा गया। टफ्फू 12 साल से परिवार के साथ था। पूरी खबर पढ़ें कल क्या रहेगा खास… 15- सीएम योगी का प्रयागराज दौरा 14 सितंबर को सीएम योगी प्रयागराज दौरे पर रहेंगे। वह इलाहाबाद हाईकोर्ट परिसर में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की ओर से आयोजित अधिवक्ता अभिनंदन एवं सम्मान समारोह में शामिल होंगे। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…

