सोनीपत शहर की बदहाल सड़कों और लंबे समय से चली आ रही बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पुलिस लाइन के पीछे जटवाड़ा क्षेत्र की खस्ताहाल मुख्य सड़क के निर्माण की मांग को लेकर रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। शहरी जिला अध्यक्ष कमल दिवान की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रोष जताया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सड़क पर गहरे गड्ढों के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और स्थानीय दुकानदारों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
धूल उड़ने से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने निगम प्रशासन को 10 दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो नगर निगम कार्यालय का घेराव कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
‘डबल इंजन’ सरकार के विकास दावों पर उठाए सवाल शहरी जिला अध्यक्ष कमल दिवान ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा हर मंच से ‘डबल इंजन सरकार’ के विकास का दावा करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। जटवाड़ा की मुख्य सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है और गहरे गड्ढे हादसों का कारण बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर के लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। गड्ढों से राहगीरों और दुकानदारों की बढ़ी परेशानी कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पुलिस लाइन के पीछे जटवाड़ा की सड़क की हालत इतनी खराब है कि यहां से वाहन निकालना भी मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को विशेष परेशानी होती है। सड़क से उड़ने वाली धूल के कारण आसपास के लोगों और दुकानदारों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 10 दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो निगम घेरेंगे कमल दिवान ने कहा कि जनता के सब्र का बांध अब टूट चुका है। यदि अगले 10 दिन में सड़क निर्माण का काम धरातल पर शुरू नहीं किया गया तो कांग्रेस कार्यकर्ता क्षेत्र के लोगों को साथ लेकर नगर निगम कार्यालय का घेराव करेंगे। इसके बाद निगम कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसकी जिम्मेदारी निगम प्रशासन और सरकार की होगी। ‘सबका साथ, सबका विकास’ नारा खोखला बताया कमल दिवान ने कहा कि भाजपा का ‘सबका साथ, सबका विकास’ का नारा खोखला साबित हो रहा है। शहर की जनता सड़कों और दूसरी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है, जबकि सरकार कागजी दावों तक सीमित है। उन्होंने निगम अधिकारियों और भाजपा नेताओं पर क्षेत्र की समस्या की अनदेखी करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष दीपक चावला, ब्लॉक अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, वार्ड पार्षद नवीन कुमार उर्फ बिटू लाठिया, सचिव जयवीर राठी, ऋतुराज, देवेंद्र मलिक, बलवान, रामप्रकाश, सतबीर सिंह, नरेंद्र दहिया, शीलक मलिक, आजाद, सुरेश, महावीर दहिया, रामकरण सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और शहरवासी मौजूद रहे।

