फतेहाबाद के व्यापार मंडल अनाज मंडी के चुनाव रविवार को भारी उत्साह और गहमागहमी के माहौल के बीच संपन्न हो गए। देश के आम चुनाव जैसी हलचल और रंगत के साथ हुए इस मतदान में कुल 283 में से 272 मेंबरों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। प्रधान पद पर रमेश तनेजा और वरिष्ठ उपप्रधान पद पर सुरेश जिंदल पहले ही सर्वसम्मति से निर्विरोध चुने जा चुके थे। बाकी बचे चार पदों पर भी शुरुआत में सहमति बन गई थी, लेकिन उम्मीदवारों द्वारा नामांकन वापस न लेने के कारण अंततः चुनाव करवाना पड़ा। मतदान की प्रक्रिया होटल दीप में मत पेटियां लगाकर पूरी की गई, जहां बाहर हर पद के प्रत्याशियों के समर्थक टेबल लगाकर डटे नजर आए। सहमति वाले दो चेहरे हारे शाम करीब 5 बजे चुनाव अधिकारी गोपाल चौधरी की देखरेख में मतगणना के बाद चुनाव परिणामों की आधिकारिक घोषणा की गई। नतीजों में बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जहां पूर्व सहमति वाले दो उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा। उपप्रधान कृष्ण कुमार ने 179 वोट लेकर एकतरफा मुकाबले में हरभजन कम्बोज को 83 वोटों के बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज की। 33 वोटों से सचिव विजयी वहीं सचिव बाग राम ने 153 वोट लेकर 33 वोटों से विजयी रहे। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी ज्ञान चंद को मात दी। बता दें कि सचिव पद पर बाग राम के नाम पर पहले ही सहमति बनी हुई थी। सहसचिव सुरजीत कुमार 33 वोट से विजयी घोषित हुए। उन्होंने राजेंद्र कुमार को हराया। गौरतलब है कि राजेंद्र कुमार के नाम पर चुनाव से पहले सहमति बनी थी, लेकिन वोटिंग में उन्हें हार झेलनी पड़ी। सुरजीत को 153 वोट मिले। समर्थकों में खुशी की लहर कोषाध्यक्ष (कैशियर) नवीन कुमार ने 142 वोट लेते हुए 11 वोटों से सुरिंद्र कुमार को पराजित किया। इस पद पर भी पहले सुरिंद्र कुमार के नाम पर सहमति जताई गई थी, लेकिन चुनावी नतीजे नवीन के पक्ष में रहे। परिणामों की घोषणा के साथ ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और अनाज मंडी परिसर में जश्न का माहौल बन गया।

