देवरिया में अखिल भारतीय कूर्मि क्षत्रिय महासभा का संगठन विस्तार और सम्मान समारोह रविवार को दिन में 12 से चार बजे तक जिला पंचायत सभागार में हुआ। इसमें प्रदेश अध्यक्ष चौधरी शैलेन्द्र पटेल ने कहा कि कुर्मी समाज का कारवां लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने साफ कहा कि जो हमें राजनीति में नजरअंदाज करेगा, कुर्मी समाज उसे नजरअंदाज करेगा। चौधरी शैलेन्द्र पटेल ने कहा कि आने वाले समय में समाज की राजनीति में मजबूत हिस्सेदारी होगी। समाज राजनीतिक दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और समाज के लोगों को एकजुट करने पर जोर दिया। मुख्य वक्ता वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैलाश उमराव ने बताया कि समाज की एकजुटता से राजनीतिक, शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक मजबूती बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि समाज की एकता प्रदेश में शांति और प्रेम का संदेश देगी। लोगों की मदद के लिए अभियान चलाने का आह्वान कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व एडिशनल डायरेक्टर जनरल जीएसटी वशिष्ठ चौधरी ने की। उन्होंने संगठन और राजनीति को अलग रखने की बात कही। उन्होंने युवाओं को संगठित करने और पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही, जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए अभियान चलाने का आह्वान किया। प्रदेश संगठन मंत्री रितेश सिंह पटेल ने कहा कि कुर्मी समाज को अभी अपनी संख्या के हिसाब से राजनीतिक हिस्सेदारी नहीं मिली है। इसके लिए समाज को राजनीतिक रूप से जागरूक और संगठित होना होगा। उन्होंने बताया कि इसी मकसद से पूर्वांचल में संगठन विस्तार की शुरुआत उनके गृह जनपद देवरिया से हुई है। उन्होंने दावा किया कि संगठन के विस्तार का असर 2027 में दिखेगा। इस मौके पर डॉक्टर विवेक सिंह पटेल, पीयूष प्रियदर्शी, डॉक्टर ओमप्रकाश सिंह, बीएन सिंह और मथुरा भाई पटेल समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्र बंधु रजनीश पटेल ने किया। देवरिया में नई कार्यकारिणी घोषित समारोह में देवरिया की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा की गई। रविकर पटेल को जिलाध्यक्ष, विश्वकर्मा पटेल को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, रजनीश पटेल को महासचिव, हरेन्द्र पटेल को कोषाध्यक्ष तथा फूलवदन पटेल और संतोष पटेल को उपाध्यक्ष बनाया गया। कुमकुम पटेल एडवोकेट को महिला मोर्चा अध्यक्ष और पप्पू सिंह पटेल को युवा मोर्चा अध्यक्ष मनोनीत किया गया। गोरखपुर मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी उदय प्रताप सिंह पटेल को दी गई। वहीं कुशीनगर में एडवोकेट तेज प्रताप सिंह पटेल को जिलाध्यक्ष, गणेश सिंह पटेल को महासचिव और तेज प्रताप पटेल को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया।

