अलवर नगर निगम समेत 12 निकायों की मतगणना के लिए प्रशासन ने तैयारियां पुख्ता कर ली हैं। कल यानी शुक्रवार को नगर निगम की मतगणना कला महाविद्यालय में सुबह आठ बजे से तीन राउंड में होगी। इसी तरह जिले की 11 नगर पालिकाओं में मतगणना नगर पालिका मुख्यालयों पर होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि मतगणना के लिए कला महाविद्यालय में 5 कक्ष निर्धारित किए गए हैं।
3 राउंड में होगी मतगणना
प्रत्येक कक्ष में 5-5 टेबल लगाई गई हैं। मतगणना तीन राउंड में होगी, जिसमें प्रथम राउंड में वार्ड नंबर 1 से 25 तक, द्वितीय राउंड में वार्ड नंबर 26 से 50 तक और तृतीय राउंड में वार्ड नंबर 51 से 65 तक की मतगणना होगी। राजगढ़ की मतगणना के लिए राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एक कक्ष निर्धारित किया गया है। रामगढ की मतगणना सामुदायिक भवन रामगढ़ में होगी। यहां एक कक्ष में 6 टेबल लगाई गई हैं। थानागाजी की मतगणना राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय थानागाजी में होगी। यहां एक कक्ष में 5 टेबल लगाई गई हैं।
यहां पर ये रहेगी व्यवस्था
लक्ष्मणगढ़ की मतगणना राजकीय महाविद्यालय, नगरपालिका खेरली की मतगणना पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेरली, कठूमर की मतगणना पंचायत समिति भवन कठूमर, बड़ौदामेव की मतगणना उप तहसील कार्यालय बड़ौदामेव, गोविन्दगढ़-रामबास की मतगणना राजकीय महाविद्यालय गोविन्दगढ़, बहादरपुर की मतगणना तेजस यूनिवर्सल स्कूल बहादरपुर, मालाखेड़ा की मतगणना राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मालाखेड़ा में तथा नौगांवा की मतगणना कृषि महाविद्यालय नौगांवा में की जाएगी।
ये रहेगी प्रवेश व्यवस्था
- गणन सुपरवाइजर और गणन सहायक, गणन पर्यवेक्षक, तकनीकी कार्मिकों, रिटर्निंग अधिकारी/सहायक रिटर्निंग अधिकारी के स्टाफ सहित अन्य सभी राजकीय कार्मिकों के प्रवेश के लिए महाविद्यालय के खेल मैदान के दक्षिण द्वार (गेट नं. 3) से होते हुए मतगणना भवन के चैनल गेट नंबर 2 से प्रवेश करेंगे।
- मतगणना कार्य से जुडे सभी अधिकारी महाविद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार (गेट नंबर 2) से होते हुए मतगणना भवन के चैनल गेट नंबर 1 से प्रवेश करेंगे।
- अभ्यर्थी, उनके निर्वाचन अभिकर्ता व गणन अभिकर्ता महाविद्यालय के मैदान परिसर के गेट नंबर 4 (दशहरा मैदान की ओर) से होते हुए मतगणना भवन में महाविद्यालय भवन के कमरा नंबर 21 के पिछले द्वार (मैदान की तरफ खुलता हुआ) से प्रवेश करेंगे।
- मीडियाकर्मी महाविद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार (गेट संख्या 1) से प्रवेश कर चैनल गेट नंबर 1 से मतगणना भवन में प्रवेश करेंगे। मीडिया कक्ष प्रथम तल पर प्रिंसिपल ऑफिस के सामने स्टाफ रूम को बनाया गया है।
ये रहेगी पार्किंग व्यवस्था
गणन सुपरवाइजर, गणन सहायक व मतगणना से जुडे अन्य राजकीय कार्मिकों के वाहनों की पार्किंग गेट नंबर 3 के बांयी ओर होगी।
मतगणना कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों व मीडिया कर्मियों के वाहनों की पार्किंग गेट नंबर 2 के प्रवेश के आगे बास्केटबॉल ग्राउंड/भूगोल विभाग भवन के सामने दांयी ओर खुले मैदान में रहेगी।
अभ्यर्थी, उनके निर्वाचन अभिकर्ता व गणन अभिकर्ता के वाहनों की पार्किंग कला महाविद्यालय भवन के पश्चिम में स्थित कर्बला मैदान में रहेगी।
वैध पास से ही प्रवेश, मोबाइल, धूम्रपान पर प्रतिबंध
मतगणना परिसर में प्रवेश केवल वैध पास से ही दिया जाएगा, जिसका सत्यापन पुलिस की ओर से किया जाएगा। उम्मीदवार व अभ्यर्थी अपना पास अलवर मिनी सचिवालय के तृतीय तल पर स्थित कमरा नंबर 305 में दो फोटो व निर्धारित दस्तावेज जमा करवाकर 13 सितम्बर तक बनवा लें। अन्यथा मतगणना स्थल पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बिना अनुमति मोबाइल फोन नहीं लेकर आ सकेंगे।

