गंगापुल पर आज से भारी वाहनों की नो एंट्री:13 दिसंबर तक लागू रहेगा डायवर्जन; उन्नाव से कानपुर जाने वालों को वैकल्पिक रूट

गंगापुल पर आज से भारी वाहनों की नो एंट्री:13 दिसंबर तक लागू रहेगा डायवर्जन; उन्नाव से कानपुर जाने वालों को वैकल्पिक रूट

उन्नाव के जाजमऊ पुराने गंगापुल पर मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का काम शुरू हो गया है। इसके चलते पुल से भारी वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। उन्नाव पुलिस ने यातायात को सुचारु रखने के लिए डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था रविवार दोपहर 12 बजे से 13 दिसंबर 2026 तक लागू रहेगी। इस दौरान उन्नाव से कानपुर जाने वाले भारी वाहनों को पुराने गंगापुल से गुजरने की अनुमति नहीं होगी। पुलिस के मुताबिक, मरम्मत के दौरान भारी वाहनों के चलते ट्रैफिक प्रभावित होने के साथ निर्माण कार्य में भी बाधा आ सकती है। इसी वजह से अलग-अलग जिलों और शहरों की ओर जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते तय किए गए हैं। वाहन चालकों को निर्धारित रूट से ही आगे बढ़ना होगा। औरैया-इटावा के लिए दो रास्ते, एक्सप्रेस-वे से भी जा सकेंगे औरैया और इटावा की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए पुलिस ने दो वैकल्पिक रास्ते तय किए हैं। पहला विकल्प गंगा एक्सप्रेस-वे से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे होकर आगे जाने का है। वाहन चालक इस रास्ते से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। दूसरे विकल्प में भारी वाहन एनएच-31 से बिहार होते हुए बक्सर मोड़ पहुंचेंगे। यहां से एनएच-19 के रास्ते कानपुर और फिर औरैया-इटावा की ओर जा सकेंगे। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित रूट का पालन करने की अपील की है, ताकि जाजमऊ क्षेत्र में अनावश्यक जाम की स्थिति न बने। बांदा-महोबा जाने वालों को एनएच-31 से बिहार होकर जाना होगा बांदा और महोबा की ओर जाने वाले भारी वाहनों को भी पुराने गंगापुल से गुजरने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहन एनएच-31 के रास्ते बिहार जाएंगे। इसके बाद लालगंज और फतेहपुर की ओर बढ़ेंगे। फतेहपुर से निर्धारित मार्ग के जरिए भारी वाहनों को बांदा और महोबा की तरफ भेजा जाएगा। पुलिस ने इस रूट को इसलिए तय किया है, ताकि जाजमऊ पुल पर निर्माण कार्य के दौरान भारी वाहनों का दबाव पूरी तरह हटाया जा सके।
हमीरपुर-झांसी-उरई के लिए चौड़गरा से घाटमपुर वाला रूट हमीरपुर, झांसी और उरई की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को भी पुराने गंगापुल से जाने की इजाजत नहीं होगी। इन वाहनों को एनएच-31 से बिहार होते हुए बक्सर मोड़ पहुंचना होगा। इसके बाद एनएच-19 से चौड़गरा की ओर जाना होगा। चौड़गरा से वाहन एसएच-46 के रास्ते घाटमपुर पहुंचेंगे। यहां से एनएच-34 के जरिए हमीरपुर, झांसी और उरई की ओर जाने की व्यवस्था की गई है। इस रूट पर वाहन चालकों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ सकती है, लेकिन पुल पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान यही निर्धारित मार्ग रहेगा। उन्नाव-कानपुर भारी वाहनों को भी बक्सर मोड़ से डायवर्ट किया उन्नाव से कानपुर की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए भी पुराने गंगापुल का रास्ता बंद रहेगा। ऐसे वाहनों को बक्सर मोड़ से निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना होगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डायवर्जन अवधि के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही पुल से नहीं होने दी जाएगी। मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का काम पूरा होने तक यह व्यवस्था लागू रहेगी। पुलिस का कहना है कि डायवर्जन का उद्देश्य निर्माण कार्य को बिना बाधा पूरा कराने के साथ यातायात व्यवस्था को बनाए रखना है। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले निर्धारित रूट को ध्यान में रखकर ही निकलें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *