यमुनानगर के सढौरा स्थित टोडरपुर गांव के खेतों में करीब 12 फीट लंबा विशालकाय अजगर दिखाई दिया। अजगर ने एक बंदर को अपनी कुंडली में जकड़ रखा था और देखते ही देखते उसे निगल गया। खेत में विशाल अजगर होने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने वाइल्ड लाइफ विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू करने का अभियान शुरू किया। रेस्कयू के दौरान अजगर ने निगले हुए बंदर को ऊगल दिया, जिसके बाद पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। 45 किलोग्राम वजन, मशक्कत से किया रेस्कयू ग्रामीण संजीव ने बताया कि गांव का एक व्यक्ति खेतों में काम करने के लिए गया था। इसी दौरान उसे खेत के बीच कुछ हलचल दिखाई दी। पास जाकर देखने पर वहां विशालकाय अजगर दिखाई दिया, जिसने एक बंदर को अपनी कुंडली में जकड़ रखा था। यह देखकर व्यक्ति ने तुरंत अन्य ग्रामीणों को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों के पहुंचने के दौरान ही अजगर ने बंदर को निगल लिया। इसी बीच वाइल्ड लाइफ विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम ने अजगर को सुरक्षित पकड़ने के लिए काफी मशक्कत की। काफी प्रयास के बाद अजगर को खेत से बाहर निकाला गया। इस दौरान अजगर ने निगले हुए बंदर को उगल दिया। इसके बाद टीम ने उसे सावधानीपूर्वक काबू कर बैग में डाला और सुरक्षित स्थान पर ले गई।वाइल्ड लाइफ टीम के अनुसार अजगर की लंबाई करीब 12 फीट और वजन लगभग 45 किलोग्राम बताया जा रहा है। रेस्क्यू के बाद अजगर को सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया। खेतों में अजगर मिलने से ग्रामीण चिंतित ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में इस तरह विशालकाय अजगर के पहुंचने से किसानों और खेतों में काम करने वाले लोगों में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने मांग की कि यदि क्षेत्र में दोबारा इस तरह के वन्यजीव दिखाई दें तो विभाग की टीम को तुरंत मौके पर पहुंचकर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना चाहिए।

