डिनर टेबल पर नहीं दिखे शी जिनपिंग! कूटनीतिक गलियारों में मची खलबली, आखिर क्या है वजह?

डिनर टेबल पर नहीं दिखे शी जिनपिंग! कूटनीतिक गलियारों में मची खलबली, आखिर क्या है वजह?

BRICS Summit 2026: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेजबानी में आयोजित गाला डिनर में शामिल नहीं हुए। यह रात्रिभोज ब्रिक्स देशों के नेताओं, समिट में भाग लेने वाले अन्य आमंत्रित देशों और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों के सम्मान में आयोजित किया गया था। पीएम मोदी ने शनिवार शाम भारत मंडपम में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने आए राष्ट्राध्यक्षों और प्रतिनिधियों के लिए इस रात्रिभोज की मेजबानी की थी, लेकिन इसमें चीनी राष्ट्रपति नजर नहीं आए।

होटल लौटकर आराम करने की बात आई सामने

चीन के राष्ट्रपति के रात्रिभोज में शामिल नहीं होने की वजह तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाई। हालांकि एक सूत्र ने जानकारी दी कि शी जिनपिंग आराम करने के लिए अपने होटल लौट गए थे। इससे पहले दिन में चीनी राष्ट्रपति ने अपना कार्यक्रम पूरा किया था और इसके बाद वे विश्राम के लिए होटल चले गए, जिसके चलते वे शाम के रात्रिभोज में मौजूद नहीं रह सके।

द्विपक्षीय मुलाकात और समिट सत्र में लिया भाग

मिली जानकारी केअनुसार, चीन के राष्ट्रपति शनिवार दोपहर नई दिल्ली पहुंचे थे और उन्होंने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के साथ-साथ पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की थी। इस मुलाकात में दोनों नेताओं के बीच सीमा पर शांति, आपसी संबंधों को रणनीतिक नजरिए से आगे बढ़ाने और मतभेदों को विवाद में न बदलने देने जैसे अहम मुद्दों पर बातचीत हुई। दिन के व्यस्त कार्यक्रम और लंबी यात्रा को देखते हुए माना जा रहा है कि शी जिनपिंग ने रात्रिभोज छोड़कर आराम को प्राथमिकता दी।

पुतिन समेत बाकी नेता रात्रिभोज में रहे मौजूद

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ब्रिक्स के अन्य सदस्य देशों के नेताओं ने इस रात्रिभोज में हिस्सा लिया। इसके अलावा भारत मंडपम में आयोजित इस डिनर पार्टी में देश के कई राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री भी शामिल हुए। बीजेपी और एनडीए शासित राज्यों के अधिकतर मुख्यमंत्री इस आयोजन में मौजूद रहे, जबकि गैर-भाजपा शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने इससे दूरी बनाई।

सात साल बाद भारत पहुंचे थे जिनपिंग

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग करीब सात साल बाद भारत यात्रा पर आए हैं और गलवान घाटी में हुई झड़प के बाद यह उनका पहला भारत दौरा है। इस लिहाज से उनकी यह यात्रा कूटनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जा रही है, और गाला डिनर में उनकी अनुपस्थिति को लेकर भी विभिन्न हलकों में चर्चा शुरू हो गई है, हालांकि आधिकारिक तौर पर इस पर कोई बयान अभी तक सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *