उन्नाव के पुरवा थाना क्षेत्र के भदीन गांव में एक किसान की जहरीले कीड़े के काटने से मौत हो गई। शुक्रवार शाम घर में दराज बंद करते समय यह हादसा हुआ। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। भदीन गांव के रहने वाले 52 साल के बाबूलाल खेती-किसानी करते थे। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार शाम वह घर पर एक दराज बंद कर रहे थे। इसी दौरान दराज या उसके आसपास छिपे किसी जहरीले कीड़े ने उन्हें काट लिया। कीड़े के काटने के कुछ ही देर बाद बाबूलाल की हालत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। बाबूलाल की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। वह खेती-किसानी कर परिवार का गुजारा करते थे। शनिवार दोपहर परिजन बाबूलाल का शव लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने बताया कि जहरीले कीड़े के काटने से उनकी मौत हुई है, हालांकि उन्हें यह नहीं पता कि कीड़ा कौन सा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुरवा इंस्पेक्टर भुवन सिंह मौर्य ने बताया कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा।

