गोरखपुर में नगर आयुक्त ने शुक्रवार को GDA से नगर निगम को हस्तांतरित कॉलोनियों का स्थलीय निरीक्षण किया। बुद्ध विहार कमर्शियल कॉलोनी में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए नालियों और ह्यूम पाइप की सफाई कराने, पार्किंग स्थल में खड़ंजा लगवाने के निर्देश दिए। वहीं रामगढ़ थाना के सामने निर्माणाधीन गारबेज ट्रांसफर स्टेशन और सफाई वाहनों के पार्किंग स्थल का काम समय से पूरा कराने को कहा। भरवलिया में 50.04 लाख रुपये से बन रहे नलकूप को जल्द चालू करने और बुद्ध विहार पार्ट-A व पार्ट-B में पेयजल पाइपलाइन विस्तार व ओवरहेड टैंक मरम्मत का काम तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। इन पेयजल परियोजनाओं से करीब 2,000 घरों को शुद्ध पानी का लाभ मिलेगा। बुद्ध विहार में जलभराव की समस्या दूर करने पर जोर नगर आयुक्त ने सबसे पहले बुद्ध विहार कमर्शियल कॉलोनी का निरीक्षण किया। यहां SBI बैंक के बगल से सीएम ग्रिड की सड़क भी प्रस्तावित है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के दौरान सड़क पर जलभराव हो जाता है। इस पर नगर आयुक्त ने कॉलोनी की सभी नालियों की सफाई कराने के निर्देश दिए। सड़क पर बने क्रॉस और ह्यूम पाइप में चैंबर बनाकर उनकी सफाई शुरू कराने को भी कहा गया। इसके लिए अवर अभियंता अवनीश भारती और सफाई निरीक्षक राजेंद्र कुमार को जिम्मेदारी दी गई। पार्किंग स्थल पर खड़ंजा लगाने के निर्देश बुद्ध विहार कमर्शियल कॉलोनी में अग्रवाल मार्बल्स के सामने पार्किंग के लिए जमीन है। इसके चारों तरफ बाउंड्रीवाल बनी हुई है। नगर आयुक्त ने इस स्थान पर मिट्टी सोलिंग कराने के बाद खड़ंजा लगवाने के निर्देश दिए। इससे पार्किंग स्थल को व्यवस्थित तरीके से उपयोग में लाया जा सकेगा। गारबेज ट्रांसफर स्टेशन का भी निरीक्षण इसके बाद नगर आयुक्त रामगढ़ थाना के सामने निर्माणाधीन गारबेज ट्रांसफर स्टेशन और सफाई वाहनों के पार्किंग स्थल पहुंचे। यहां वर्तमान में बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जा रहा है। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। 50.04 लाख से बन रहा नलकूप, 800 घरों को मिलेगा पानी वार्ड संख्या 37 भरवलिया में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना (CMNSY) के तहत पेयजल व्यवस्था के लिए बनाए जा रहे बड़े नलकूप का भी निरीक्षण किया गया। इस नलकूप के अधिष्ठापन पर 50.04 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। नगर आयुक्त ने सहायक अभियंता और अवर अभियंता जलकल के साथ कार्य की प्रगति देखी। उन्होंने नलकूप को जल्द से जल्द सुचारू रूप से चालू कराने के निर्देश दिए। नलकूप शुरू होने के बाद करीब 800 घरों को शुद्ध पेयजल की सुविधा मिलने की उम्मीद है। बुद्ध विहार पार्ट-A और B में 1200 घरों को मिलेगा लाभ GDA से नगर निगम को हस्तांतरित बुद्ध विहार पार्ट-A और पार्ट-B कॉलोनी में चल रहे पेयजल कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। यहां पेयजल पाइपलाइन विस्तार के साथ नलकूप और ओवरहेड टैंक की मरम्मत का काम कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने घरेलू पेयजल कनेक्शन में इस्तेमाल होने वाले MS क्लैम्प की जगह HDPE क्लैम्प लगाने के निर्देश दिए। अधिकारियों के मुताबिक इस योजना से करीब 1,200 घरों को शुद्ध पेयजल आपूर्ति का लाभ मिलेगा। निरीक्षण के दौरान पार्षद अजय राय, मुख्य अभियंता अमित शर्मा, सहायक अभियंता जलकल राकेश यादव समेत नगर निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

