हिसार में गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) ने शैक्षणिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। विवि के फूड टेक्नोलॉजी कार्यक्रम को नेशनल बोर्ड ऑफ एक्रिडिटेशन (NBA) से मान्यता मिल गई है। इसके साथ ही फूड टेक्नोलॉजी गुजविप्रौवि का 10वां ऐसा कार्यक्रम बन गया है, जिसे यह प्रतिष्ठित एनबीए मान्यता प्राप्त हुई है। इस ऐतिहासिक सफलता पर विश्वविद्यालय के कुलपति कार्यालय स्थित कमेटी हॉल में कुलगुरु प्रो. विजय कुमार की अध्यक्षता में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में विश्वविद्यालय की इस उपलब्धि का जश्न मनाते हुए आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रो. विजय कुमार ने कहा, “ऐसी सफलताएं किसी एक की नहीं, बल्कि पूरे विवि परिवार के सामूहिक प्रयासों का परिणाम होती हैं। जब हम एक-दूसरे का हाथ थामकर आगे बढ़ते हैं, तो सफलता निश्चित मिलती है।” विद्यार्थियों को मिलेंगे ये 3 बड़े फायदे… ग्लोबल वैलिडिटी: एनबीए से मान्यता प्राप्त इंजीनियरिंग कोर्स ‘वाशिंगटन अकॉर्ड’ से संबद्ध होते हैं, जिससे विदेश में भी इस डिग्री को अंतरराष्ट्रीय मान्यता मिलेगी। बेहतर प्लेसमेंट: उद्योगों और नियोक्ताओं के बीच डिग्री की विश्वसनीयता बढ़ेगी, जिससे राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियों (MNCs) में प्लेसमेंट के अवसर बढ़ेंगे। कोर्स की गुणवत्ता सुधार: इससे विवि में शिक्षा और शोध का स्तर और अधिक मजबूत होगा। बैठक में यह वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद फूड टेक्नोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. अराधिता बी. रे ने विवि प्रशासन, विभिन्न कमेटियों और विभाग के शिक्षकों के मेहनत व सहयोग का आभार जताया। बैठक में कुलसचिव डॉ. विजय कुमार, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. योगेश चाबा, प्रो. कर्मपाल नरवाल, प्रो. मनीष कुमार सहित कई वरिष्ठ प्रोफेसर और अधिकारी उपस्थित रहे।

