रोडवेज बस की टक्कर से CNG ऑटो के परखच्चे उड़े:सब्जी व्यापारी समेत दो की मौत, दंपति समेत 7 लोग गंभीर घायल

रोडवेज बस की टक्कर से CNG ऑटो के परखच्चे उड़े:सब्जी व्यापारी समेत दो की मौत, दंपति समेत 7 लोग गंभीर घायल

हरदोई में शुक्रवार सुबह 10 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर शहर कोतवाली क्षेत्र के कसरावां पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार रोडवेज बस और सीएनजी ऑटो में जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में ऑटो के परखच्चे उड़ गए। दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस को सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंची। सभी घायलों को इलाज के लिए हरदोई मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद बस का चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। डॉक्टरों ने सांडी थाना क्षेत्र के तेरिया निवासी दिनेश (22) पुत्र रामसनेही और बिलग्राम के जरौली शेरपुर निवासी लाल पुत्र कमलेश को मृत बताया। मृतक दिनेश सेमरा चौराहे पर सब्जी की दुकान चलाते थे। वह लखनऊ चुंगी मंडी से सब्जी खरीदकर दूसरे वाहन से भेजकर खुद ऑटो से वापस आ रहे थे। दिनेश अपने पांच भाइयों में सबसे छोटे और अविवाहित थे। बेटे की मौत की खबर सुनकर उनकी मां रामश्री सदमे में आ गईं। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें मल्लावां के बेसन पुरवा निवासी जितेंद्र सिंह (38) और उनका 10 साल का बेटा शिवांग सिंह शामिल हैं। कोतवाली देहात के नानकगंज झाला निवासी नूरजहां और उनके पति नबी हसन भी घायल हुए हैं। नूरजहां अपने पति के साथ बिलग्राम के दुहतियामऊ स्थित मायके में पिता के ‘चालीसवें’ के कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। नवी हसन को मेडिकल कॉलेज से लखनऊ रेफर कर दिया गया। इसके अलावा शाहजहांपुर के मनोज (35), रामनरेश (37) और उनका एक और साथी भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ये तीनों कैटरिंग का काम करते हैं। वे सुबह ट्रेन से हरदोई स्टेशन पर उतरे थे और ऑटो से सेमरा चौराहे पर एक शादी समारोह में खाना बनाने जा रहे थे। नगर क्षेत्राधिकारी अजीत चौहान ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया है। उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार बस चालक की तलाश की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *