राजस्थान निकाय चुनाव: कोटा में मंत्री मदन दिलावर को वोट डालने के लिए 15 मिनट तक करना पड़ा इंतजार, जानिए वजह

राजस्थान निकाय चुनाव: कोटा में मंत्री मदन दिलावर को वोट डालने के लिए 15 मिनट तक करना पड़ा इंतजार, जानिए वजह

कोटा। कोटा में शहरी सरकार चुनने के लिए आज वोटिंग हो रही है। वोटिंग शुरू होने से करीब 15 मिनट पहले ही दिलावर मतदान केंद्र पर पहुंच गए। बूथ पर पहुंचने के बाद वे मतदान शुरू होने का इंतजार करते नजर आए। इस दौरान दिलावर बार-बार अपनी घड़ी देखते रहे। करीब 15 मिनट तक इंतजार करने के बाद आखिरकार सुबह 7 बजते ही मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। इसके बाद मंत्री दिलावर ने वार्ड 52 में भाग संख्या दो स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

वोट डालने के बाद उन्होंने लोकतंत्र के इस पर्व में लोगों से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की। मंत्री के समय से पहले पहुंचने और मतदान शुरू होने तक इंतजार करने का यह दृश्य चर्चा में रहा। वहीं, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने इंद्रविहार स्थित निजी स्कूल के पोलिंग बूथ पर वोटिंग की।

वोट डालने के बाद मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि मेरा मानना ​​है कि वोटर अब बहुत जागरूक हो गए हैं। जैसा कि आपने अभी देखा कि वोट डालने के लिए वोटरों की लंबी लाइनें लगी हैं और हर कोई पूरे जोश के साथ अपने वोट का अधिकार इस्तेमाल करना चाहता है। उत्साह, खुशी और जोश का माहौल है। हर कोई 21 तारीख का इंतज़ार कर रहा है, जब वे अपना चेयरमैन चुनेंगे।

वोटिंग के बाद शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने एक्स पर लिखा कि एक वोट… जो आपके नगर की कहानी बदल सकता है। आज नगर निकाय चुनाव-2026 के द्वितीय चरण का मतदान है। सुबह घर से निकलें तो अपने नगर के भविष्य के लिए वोट जरूर करें। आपका एक वोट बेहतर सड़क, स्वच्छता, सुविधाओं और विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जो युवा साथी पहली बार मतदान करने जा रहे हैं, उनके लिए यह दिन विशेष है। लोकतंत्र की इस पहली भागीदारी को यादगार बनाइए और अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को भी मतदान के लिए प्रेरित कीजिए। आइए! आज मिलकर अपने मत से अपने नगर का भविष्य गढ़ें।

ईवीएम खराबी के चलते 20 मिनट तक रुका

वोटिंग शुरू होते ही कई जगहों से ईवीएम में खराबी की सूचना आई। हालांकि, कुछ देर में ईवीएम को ठीक करवाकर मतदान की प्रक्रिया शुरू करवा दी गई। लेकिन, स्वामी विवेकानंद नगर में वार्ड संख्या 22 में भाग संख्या 2 में ईवीएम मशीन में तकनीकी खराबी के चलते 20 मिनट तक मतदान रुका रहा। ऐसे मे वोटर्स को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा और लंबी लाइन लग गई।

प्रत्याशी नहीं डाल पाया अपना वोट

कोटा के वार्ड 78 से कांग्रेस प्रत्याशी रिददम खुद को वोट नहीं कर सक। उनका पोलिंग बूथ और वार्ड नंबर 79 में है। जबकि वह रिददम वार्ड 78 से चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में वह खुद को वोट नहीं दे सके।

100 वार्डों में 373 प्रत्याशी चुनाव मैदान में

शिक्षा नगरी के 8.26 लाख से अधिक मतदाता शुक्रवार को कोटा शहर की सरकार चुनेंगे। निगम के 100 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस समेत कुल 373 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। शहर के 22 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला है। अन्य वार्डों में त्रिकोणीय और बहुकोणीय मुकाबला है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *