हाथरस के सदर कोतवाली क्षेत्र में गौशाला रोड पर बेनीराम बाग के पास गुरुवार देर रात करीब 11 बजे MTC कपड़ा शोरूम और उसकी ऊपरी मंजिल पर बनी रेडीमेड कपड़ा फैक्ट्री में आग लग गई। भाजपा कार्यालय के पीछे यह कपड़े का शोरूम और फैक्ट्री है। इस फर्म का संचालन चक्की बाजार निवासी रानू गुप्ता और उनकी पत्नी करते हैं। आग लगने के करीब आधा घंटे बाद फैक्ट्री मालिक को इसका पता चला। वे करीब 1 घंटे पहले अपने घर जा चुके थे। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा लपटों की चपेट में आ गया। आसपास के पूरे इलाके में दहशत मच गई। लोगों को यह डर सताने लगा कि कहीं आग उनके घरों तक ना पहुंच जाए। उन्होंने तुरंत फायर स्टेशन को सूचना दी, जिसके बाद कई दमकलें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। अचानक लगी आग के बाद गौशाला रोड और बेनीराम बाग के आसपास हड़कंप मच गया। ऊपरी मंजिल से आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। घटनास्थल के नजदीक भाजपा का जिला कार्यालय भी है। आसपास घनी आबादी होने के कारण लोगों में डर का माहौल बना रहा। घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गाड़ियां लगाई गईं। संकरे रास्ते और ऊपरी मंजिल पर लगी आग के कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद इस आग पर काबू पाया जा सका। फर्म की प्रोपराइटर प्रेरका गुप्ता ने बताया कि आग बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी थी और इसमें करीब डेढ़ करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। रात 12 बजे से शुरू हुआ आग बुझाने का काम सुबह 6 बजे के करीब खत्म हुआ। आग लगने से शीशे के टुकड़े भी पटाखे की तरह टूट रहे थे।

