अंबेडकरनगर में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त किसानों के खातों में भेजने से पहले कृषि विभाग ने सत्यापन तेज कर दिया है। जांच में करीब 8,200 किसान ऐसे मिले हैं, जिन्होंने योजना का दोहरा लाभ लिया। विभाग अब इन किसानों को नोटिस जारी कर अतिरिक्त मिली रकम वापस जमा कराने की कार्रवाई करेगा। रकम वापस नहीं करने पर अगली किस्त रोकने की तैयारी है। कृषि विभाग के पोर्टल पर जिले में किसान सम्मान निधि के लिए पंजीकृत किसानों की संख्या बढ़कर 4,03,988 हो गई है। विभाग के अनुसार, नवंबर के पहले सप्ताह में आने वाली 24वीं किस्त का लाभ करीब 3.80 लाख पात्र किसानों को मिलने की संभावना है। हालांकि, पात्रता सूची तैयार करने के लिए सत्यापन की प्रक्रिया अभी जारी है। 8,200 किसानों ने दो स्रोतों से लिया लाभ विभागीय जांच में सामने आया कि करीब 8,200 किसानों ने योजना का दोहरा लाभ लिया। बताया गया कि कुछ मामलों में एक ही किसान के बैंक खाते और खतौनी का विवरण देकर दो स्रोतों से सम्मान निधि का लाभ लिया गया। विभाग अब ऐसे मामलों का सत्यापन कर रहा है। ऐसे किसानों को नोटिस भेजकर अतिरिक्त मिली एक किस्त की रकम वापस जमा करने को कहा जाएगा। रकम वापस नहीं करने पर उनकी अगली किस्त रोकने की कार्रवाई की जाएगी। 22,527 किसानों की ई-केवाईसी अधूरी सत्यापन के दौरान 22,527 किसान ऐसे भी मिले, जिन्हें ई-केवाईसी पूरी नहीं होने के बावजूद पिछली किस्त का लाभ मिला था। इसके अलावा कुछ किसानों का सत्यापन अभी पूरा नहीं हुआ है। ई-केवाईसी या जरूरी सत्यापन पूरा नहीं होने वाले किसान इस बार की पात्रता सूची से बाहर हो सकते हैं। ई-केवाईसी पूरी करने वालों को ही मिलेगी किस्त उप कृषि निदेशक अश्विनी कुमार ने बताया कि 24वीं किस्त केवल उन्हीं पात्र किसानों के खातों में भेजी जाएगी, जिनकी ई-केवाईसी पूरी है। उन्होंने कहा कि दोहरा लाभ लेने वाले किसानों से एक किस्त की अतिरिक्त रकम वापस कराई जाएगी। विभाग सत्यापन पूरा करने में जुटा है, ताकि अपात्र किसानों को अगली किस्त का भुगतान न हो।

