गुना में फर्जी अफसर पकड़ाया:फर्जी आईडी दिखाकर करता था स्कूलों का निरीक्षण, सोशल मीडिया पर डालता था फोटो; पुलिस ने लिया हिरासत में

गुना में फर्जी अफसर पकड़ाया:फर्जी आईडी दिखाकर करता था स्कूलों का निरीक्षण, सोशल मीडिया पर डालता था फोटो; पुलिस ने लिया हिरासत में

गुना शहर के बूढ़े बालाजी स्थित स्नेहलता पब्लिक स्कूल में खुद को शिक्षा विभाग का अधिकारी बताकर निरीक्षण करने पहुंचे युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। युवक ने 31 अगस्त को स्कूल में पहुंचकर कक्षाओं और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया था। इस दौरान उसने स्कूल की मान्यता समाप्त कराने तक की धमकी दी थी। स्कूल प्रबंधन की शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। खुद को उपसंचालक बताकर किया निरीक्षण मामला 31 अगस्त का है। शिकायत के अनुसार, अमित रजक नाम का युवक स्कूल पहुंचा और खुद को शिक्षा विभाग का उपसंचालक बताते हुए स्कूल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने लगा। उसने कक्षाओं का मुआयना किया और स्कूल प्रबंधन को मान्यता समाप्त कराने की धमकी भी दी। स्कूल प्रबंधन को युवक के अधिकारी होने पर संदेह हुआ। पड़ताल में यह बात सामने आई कि जुलाई में भी इसी युवक ने स्कूल प्रबंधन को फोन किया था। उसने एक छात्रा की टीसी बिना बकाया फीस लिए जारी करने का दबाव बनाया था। बात नहीं मानने पर मान्यता रद्द कराने की धमकी देने का आरोप है। पूरी घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। इसके बाद स्कूल संचालक ने जिला शिक्षा अधिकारी और सिटी कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। सोशल मीडिया पर खुद को सरकारी कर्मचारी बताया जांच के दौरान युवक के सोशल मीडिया प्रोफाइल की जानकारी भी सामने आई। आरोन निवासी अमित रजक ने अपने सोशल मीडिया बायो में खुद को सरकारी कर्मचारी और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय गुना से जुड़ा बताया है। प्रोफाइल में उसने खुद को UPSC एस्पिरेंट भी लिखा है। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर ऐसे फोटो भी मिले, जिनमें वह गले में ‘मप्र शासन’ लिखा आईडी होल्डर पहने नजर आ रहा है। डिप्टी एजुकेशन ऑफिसर के नाम से बनाई आईडी युवक के पास से एक आईडी भी सामने आई है, जिस पर मध्यप्रदेश शासन और उसके नीचे डिस्ट्रिक्ट एजुकेशन ऑफिस, गुना लिखा है। इसमें नाम के सामने अमित रजक और पद के सामने डिप्टी एजुकेशन ऑफिसर लिखा हुआ है। शिक्षा विभाग में इस नाम से कोई पद नहीं होने की जानकारी सामने आई है। इसी आधार पर आईडी को फर्जी बताया जा रहा है। निरीक्षण के फोटो स्टेटस पर करता था पोस्ट आरोप है कि अमित रजक स्कूलों के निरीक्षण के फोटो अपने सोशल मीडिया स्टेटस पर भी पोस्ट करता था। 31 अगस्त को स्नेहलता पब्लिक स्कूल में निरीक्षण के बाद उसने वहां के फोटो भी स्टेटस पर लगाए। स्टेटस में उसने निरीक्षण के दौरान शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति, स्वच्छता व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने की बात लिखी थी। इसके नीचे उसने खुद को उप जिला शिक्षा अधिकारी, गुना बताया था। पुलिस कर रही मामले की जांच स्कूल प्रबंधन की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की। सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को पुलिस ने अमित रजक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस की ओर से हिरासत में लिए जाने की औपचारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस युवक के अधिकारी बनकर स्कूल पहुंचने, फर्जी आईडी और सोशल मीडिया पर किए गए दावों समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *