अलीगढ़ के टप्पल के जैदपुरा गांव में गुरुवार सुबह चौधरी धुलाई सेंटर के संचालक देव चौधरी उर्फ कलुआ (35) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। देव चौधरी जैदपुरा थाना टप्पल के रहने वाले थे। उनके सिर में गोली लगी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया। देव चौधरी का गांव में ही एक कार धुलाई सेंटर है। वह सुबह करीब आठ बजे अपने घर से सेंटर पर पहुंचे थे। लगभग 10:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें गोली मार दी। सिर में गोली लगने से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। देव चौधरी की शादी करीब 10 साल पहले निशा से हुई थी। उनके परिवार में आठ साल का बेटा मानु और 10 साल की बेटी उन्नति हैं। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर के थे। उनकी एक बहन भी है। घटना की जानकारी मिलते ही टप्पल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। इससे घटना में शामिल व्यक्ति की पहचान करने में मदद मिलेगी। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।

