पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी विधानसभा उपचुनावों से पहले 263 सदस्यीय नई प्रदेश कार्यसमिति का गठन किया है और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी समेत कई वरिष्ठ नेताओं को विभिन्न संगठनात्मक जिलों की जिम्मेदारी सौंपी है। शुभेंदु को तामलुक संगठनात्मक जिले का प्रभारी बनाया गया है। इस संगठनात्मक जिले के अंतर्गत राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र आता है, जहां छह अक्टूबर को उपचुनाव होना है।
नंदीग्राम के अलावा मुर्शिदाबाद जिले की रेजिनगर विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव होगा। समिक भट्टाचार्य के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद से राज्य की नई कार्यसमिति का गठन एक साल से अधिक समय से लंबित था। नवगठित समिति में शुभेंदु के पिता एवं तामलुक के पूर्व सांसद शिशिर अधिकारी, केंद्रीय मंत्रियों सुकांत मजूमदार तथा शांतनु ठाकुर के अलावा राज्य के कई मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को जगह दी गई है।
शिशिर अधिकारी को कांथि संगठनात्मक जिले की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि मजूमदार को दक्षिण दिनाजपुर और ठाकुर को वनगांव संगठनात्मक जिले का प्रभारी बनाया गया है। राज्य के मंत्रियों में तापस रॉय को उत्तर कोलकाता, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय को बीरभूम, निशित प्रमाणिक को कूचबिहार और शंकर घोष को सिलीगुड़ी संगठनात्मक जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

