पुश्तैनी जमीन पर मकान बनाने को लेकर खूनी संघर्ष:दोनों पक्षों के 7 लोग घायल, 3 मेडिकल कॉलेज रेफर; एक पक्ष की शिकायत पर 5 के खिलाफ केस

पुश्तैनी जमीन पर मकान बनाने को लेकर खूनी संघर्ष:दोनों पक्षों के 7 लोग घायल, 3 मेडिकल कॉलेज रेफर; एक पक्ष की शिकायत पर 5 के खिलाफ केस

सिद्धार्थनगर के उसका बाजार थाना क्षेत्र के छोटी ऊंचहरिया गांव में बुधवार सुबह पुश्तैनी जमीन पर मकान बनाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों परिवारों के बीच पहले से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। सुबह करीब 9 बजे निर्माण शुरू करने को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों की तरफ से लाठी-डंडे चलने से सात लोग घायल हो गए। घायलों में एक पक्ष से पांच और दूसरे पक्ष से दो लोग शामिल हैं। गंभीर चोट लगने पर तीन घायलों को सिद्धार्थनगर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। घटना के बाद रामदेव वर्मा की शिकायत पर पुलिस ने दूसरे पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी पुलिस को शिकायत देने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर दूसरे पक्ष की ओर से भी केस दर्ज कर जांच की जाएगी। मकान बनाने को लेकर आमने-सामने आए दोनों परिवार घटना सोहास जूबली टोला उचहरिया में बुधवार सुबह करीब 9 बजे हुई। बताया गया कि दोनों परिवारों के बीच पुश्तैनी जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। बुधवार को एक पक्ष ने जमीन पर मकान का निर्माण शुरू किया तो दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी होने लगी। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों तरफ से मारपीट शुरू हो गई। मौके पर हंगामा होने से आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। मारपीट में दोनों पक्षों के सात लोग घायल हो गए।
एक पक्ष के पांच लोग घायल, तीन की हालत गंभीर मारपीट में रामदेव वर्मा के पक्ष से किसलावती पत्नी वंशराज, वंशराज पुत्र प्रसाद, रामसुंदर, रामसागर और वसुंधरा पत्नी रामसुंदर घायल हुए। इनमें तीन लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिद्धार्थनगर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। दूसरे पक्ष से तौलन उर्फ रामदास और उनकी पत्नी सरस्वती घायल हुईं। दोनों पक्षों ने घटना के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार बताया है। रामदेव की शिकायत पर 5 लोगों के खिलाफ FIR घटना के बाद रामदेव वर्मा ने पुलिस को तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने तौलन उर्फ रामदास, उनकी पत्नी सरस्वती, अशोक, आशीष और शिवानी के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायत में मारपीट के साथ जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच उपनिरीक्षक अनिल कुमार ओझा को सौंपी है। जांच में पुलिस घटना के कारण, दोनों पक्षों के आरोप और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की जानकारी जुटा रही है। दूसरे पक्ष का आरोप, निर्माण रोकने पर हुआ विवाद दूसरे पक्ष का कहना है कि वे अपने हिस्से की जमीन पर मकान का निर्माण करा रहे थे। निर्माण रोकने को लेकर विवाद हुआ और इसी दौरान मारपीट में उनके पक्ष के लोगों को चोटें आईं। उनकी ओर से भी पुलिस को शिकायत देने की तैयारी की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, दूसरे पक्ष की शिकायत मिलने के बाद उसके आरोपों की भी जांच की जाएगी। दोनों पक्षों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *