बुखार से मौत के बाद गांवों में पहुंची स्वास्थ्य टीम:श्रावस्ती में 3 दिन से लगातार जांच और दवा वितरण का अभियान, शिविर लगाए गए

बुखार से मौत के बाद गांवों में पहुंची स्वास्थ्य टीम:श्रावस्ती में 3 दिन से लगातार जांच और दवा वितरण का अभियान, शिविर लगाए गए

श्रावस्ती के तहसील जमुनहा क्षेत्र में बुखार से हुई मौतों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों के बीमार होने की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने गांवों में निगरानी और जांच तेज कर दी है। ग्राम पंचायत शिकारी चौड़ा के मजरा छेदीपुरवा में करीब एक सप्ताह पहले छह साल की बच्ची की बुखार से मौत हुई थी। इसके बाद बुधवार को स्वास्थ्य टीम लगातार तीसरे दिन गांव पहुंची और ग्रामीणों की जांच कर दवाएं वितरित कीं। वहीं, ग्राम पंचायत बहोरवा के मजरा नौशहरा में मंगलवार को बुखार से एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी। इसके बाद बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दिनभर गांव में शिविर लगाकर ग्रामीणों की जांच की। शिविर में सर्दी-जुकाम, पेट दर्द और बुखार से पीड़ित मरीज सामने आए। ग्रामीणों को बीमारी से बचाव के लिए साफ-सफाई रखने, दूषित पानी से बचने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों से झोलाछाप डॉक्टरों से इलाज नहीं कराने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर उपचार कराने की अपील की। नौशहरा में बच्चों से बुजुर्गों तक कई लोग बुखार से पीड़ित ग्रामीणों के अनुसार नौशहरा में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों समेत दर्जनों लोग बुखार की चपेट में हैं। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य टीम के समय से गांव नहीं पहुंचने की शिकायत भी की थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने गांव में निगरानी और जांच की गतिविधियां बढ़ा दी हैं। बुधवार को पूरे दिन शिविर लगाकर मरीजों की जांच की गई। छेदीपुरवा में तीन दिन से लगातार पहुंच रही टीम शिकारी चौड़ा ग्राम पंचायत के मजरा छेदीपुरवा में बुखार के कई मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार से जांच शुरू की थी। ग्रामीणों के मुताबिक गांव में कई दर्जन लोग बुखार से पीड़ित थे और करीब पांच दिन पहले इलाज के दौरान छह साल की बच्ची की मौत हो गई थी। सोमवार, मंगलवार और बुधवार को लगातार टीम गांव पहुंची और लोगों की जांच के साथ दवाओं का वितरण किया। पीएचसी की टीम ने मरीजों की जांच कर बांटी दवाएं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरदत्तनगर गिरंट के डॉक्टर सालिम मसूद, फार्मासिस्ट राजू खान और एलटी अरुण कुमार की टीम ने नौशहरा में मरीजों की जांच की। शिविर में सर्दी-जुकाम, पेट दर्द और बुखार के मरीज मिले। टीम ने ग्रामीणों को पानी और आसपास के वातावरण को साफ रखने, दूषित पानी से बचने और बीमारी के लक्षणों को नजरअंदाज न करने की सलाह दी। सीएमओ बोले- बरसात में वायरल संक्रमण के मामले बढ़ते हैं सीएमओ डॉ. अशोक कुमार सिंह ने बताया कि बरसात के मौसम में पानी से होने वाली बीमारियों के साथ वायरल संक्रमण के मामले भी बढ़ जाते हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में पहुंचकर जांच और इलाज कर रही हैं। ग्रामीणों को साफ-सफाई रखने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर इलाज कराने की सलाह दी जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *