हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में पांच वर्षीय बच्ची के साथ अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। बच्ची के पिता ने पड़ोस में रहने वाले 60 वर्षीय व्यक्ति पर टॉफी देने के बहाने बेटी को घर बुलाकर अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है। पिता ने बुधवार शाम करीब 6 बजे कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पड़ोस में बच्चों के साथ खेल रही थी बच्ची पिता ने तहरीर में बताया कि 28 अगस्त को उनकी पांच वर्षीय बेटी घर से कुछ दूरी पर पड़ोस के बच्चों के साथ खेल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले 60 वर्षीय व्यक्ति ने टॉफी देने के बहाने बच्ची को अपने घर बुला लिया। पिता का आरोप है कि घर के अंदर आरोपी ने बच्ची के साथ अश्लील हरकत की। कुछ देर बाद बच्ची घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना के बारे में बताया। शिकायत करने पहुंचे तो अभद्रता का आरोप घटना की जानकारी मिलने के बाद बच्ची के परिजन आरोपी के घर पहुंचे और उससे शिकायत की। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उनके साथ भी अभद्रता की। इसके बाद बुधवार को बच्ची के पिता परिजनों के साथ नगर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। जांच के बाद दर्ज होगी रिपोर्ट सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की गहनता से जांच कराई जा रही है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

