अनूपपुर शहर की सड़कों पर बुलेट से पटाखों जैसी आवाज निकालने और खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाने वालों पर यातायात पुलिस ने कार्रवाई की। बुधवार दोपहर से शुरू हुए इस अभियान में पुलिस ने शाम तक 13 बुलेट के मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए और चालकों पर 13 हजार का जुर्माना भी लगाया। जिला यातायात प्रभारी विनोद दुबे ने बताया कि पुलिस टीम सामतपुर तिराहा, अमरकंटक तिराहा और अंडरब्रिज तिराहा पर लगातार चेकिंग कर रही है। चेकिंग के दौरान कंपनी के साइलेंसर बदलकर पटाखों जैसी आवाज निकालने वाली गाड़ियों को रोककर उनके साइलेंसर तुरंत निकाले गए और चालान काटा गया। लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने बताया कि प्रदूषण कंट्रोल और पुलिस मुख्यालय के आदेश पर यह कार्रवाई शुरू की गई है। एसपी ने चालकों को सख्त हिदायत दी है कि सड़कों पर स्टंटबाजी और शोरबाजी बर्दाश्त नहीं होगी। बार-बार नियम तोड़ने वाले चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस रद्द किया जाएगा। यातायात पुलिस ने साफ किया है कि यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

