ललितपुर के बानपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम हुए सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। बुधवार शाम करीब 5 बजे शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम में देरी को लेकर परिजनों में नाराजगी भी देखने को मिली। सामने से आई बाइक ने मारी टक्कर पुराधन कुंआ गांव निवासी 35 वर्षीय कड़ोंरी पुत्र पन्ना अहिरवार मंगलवार शाम बानपुर बाजार से सामान खरीदकर बाइक से घर लौट रहा था। खखरौन और पुराधन कुंआ गांव के बीच सामने से आ रही दूसरी बाइक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में कड़ोंरी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची डायल-112 टीम ने उसे ललितपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
झांसी ले जाते समय रास्ते में मौत परिजन कड़ोंरी को झांसी मेडिकल कॉलेज लेकर जा रहे थे। इसी दौरान रात में रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को वापस ललितपुर ले आए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बुधवार शाम करीब 5 बजे शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। तीन बच्चों और बुजुर्ग मां की जिम्मेदारी मृतक के रिश्तेदार ने बताया कि कड़ोंरी तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसके तीन छोटे बच्चे हैं, जबकि मां बुजुर्ग हैं। वह खेती-किसानी करके परिवार का पालन-पोषण करता था। कड़ोंरी की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिजनों का कहना है कि अब बच्चों और बुजुर्ग मां की जिम्मेदारी संभालना मुश्किल होगा।

