प्रतापगढ़ के पट्टी कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति समेत ससुराल के पांच लोगों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। विवाहिता का आरोप है कि दहेज में बाइक की मांग पूरी न होने पर ससुरालवालों ने उसे परेशान किया। मारपीट के बाद उसके जेवर और कपड़े भी छीन लिए गए। आरोप है कि ससुरालवाले उसे बोलेरो गाड़ी में बिठाकर अमरगढ़ बाजार के पास ले गए और वहीं छोड़ दिया। इसके बाद वह किसी तरह अपने मायके पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई। दहेज में बाइक की मांग गोदल पट्टी निवासी पूनम सिंह की शादी 17 मई 2025 को दिलीपपुर थाना क्षेत्र के धनेरपुर निवासी विजय सिंह से हुई थी। पूनम का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति विजय सिंह, जेठ रमेश, सुरेश, दिनेश, सास प्रमिला और जेठानी दहेज में बाइक की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे थे। ससुरालवालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज विवाहिता के मुताबिक, 25 जुलाई को दहेज की मांग को लेकर ससुरालवालों ने उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान उसके जेवर और कपड़े भी छीन लिए गए थे। पूनम की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत नामजद ससुरालवालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

