दतिया में तेज रफ्तार गाड़ी ने बाइक को मारी टक्कर:2 युवकों की मौत, टूटे मोबाइल से पुलिस ने कराई मृतकों की पहचान

दतिया में तेज रफ्तार गाड़ी ने बाइक को मारी टक्कर:2 युवकों की मौत, टूटे मोबाइल से पुलिस ने कराई मृतकों की पहचान

दतिया शहर में मेडिकल कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल के सामने ग्वालियर-झांसी नेशनल हाईवे पर मंगलवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर लहूलुहान हालत में जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने डायल-112 और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतकों की पहचान करने की थी। पुलिस ने मृतकों के पास मिले मोबाइल फोन की मदद से साइबर टीम के जरिए उनकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी। सड़क पर बिखरे बाइक के पुर्जे घटना मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे की है। मेडिकल कॉलेज गर्ल्स हॉस्टल के सामने हाईवे से गुजर रहे लोगों ने दो युवकों को सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा देखा। मौके पर सड़क पर खून फैला हुआ था और बाइक के कई पुर्जे बिखरे पड़े थे। हाईवे किनारे युवकों के जूते भी पड़े मिले। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों युवकों को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ देर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके से क्षतिग्रस्त बाइक को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। एक मोबाइल टूटा मिला, दूसरा लॉक था दोनों युवकों के पास पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने तलाशी ली तो एक युवक का मोबाइल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिला और वह बंद था। दूसरे युवक का मोबाइल चालू था, लेकिन लॉक होने के कारण उससे तत्काल जानकारी नहीं मिल पा रही थी। पुलिस ने साइबर टीम की मदद ली। तकनीकी सहायता से मोबाइल को अनलॉक कराया गया। इसके बाद मोबाइल में सेव नंबरों पर पुलिस ने संपर्क किया। फोन के जरिए मृतकों के परिजनों तक पहुंच बनाई गई और उन्हें हादसे की सूचना दी गई। मामा के बेटे को लेने पहुंचा था लखन मृतकों की पहचान महावीर कुशवाह (17) निवासी उड़नू की टोरिया के पास राजा का बगिया और लखन कुशवाह (21) निवासी भांडेर के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक महावीर पांच भाइयों में सबसे छोटा था। वहीं लखन तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। बताया गया कि लखन अपने मामा के बेटे महावीर को घर से लेने करीब डेढ़ घंटे पहले बाइक से पहुंचा था। इसके बाद दोनों बाइक से घूमने के लिए निकले थे। परिजनों को क्या पता था कि कुछ ही देर बाद एक सड़क हादसा उनकी खुशियां छीन लेगा। दोनों की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश पुलिस के मुताबिक फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों युवकों की बाइक को किस वाहन ने टक्कर मारी। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस हाईवे और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। हादसे के समय वहां से गुजरने वाले वाहनों की जानकारी भी जुटाई जा रही है, ताकि टक्कर मारकर भागे वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *