डीडवाना में नगर परिषद चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। शहर के 40 वार्डों में कुल 44,273 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर नई नगर परिषद चुनेंगे। इसके लिए 44 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। डीडवाना नगर परिषद के 40 वार्डों में कुल 145 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें कांग्रेस के 37, भाजपा के 34, आरएलपी के 7, बसपा का 1 और 82 निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं। निर्दलीय प्रत्याशियों की बड़ी संख्या के कारण कई वार्डों में मुकाबला दिलचस्प माना जा रहा है। 4 संवेदनशील और 4 अति संवेदनशील मतदान केंद्र
कुल 44,273 मतदाताओं में 22,642 पुरुष और 21,631 महिला मतदाता हैं। सभी मतदान केंद्रों पर चुनाव के शांतिपूर्ण होने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट है। डीडवाना में 4 संवेदनशील और 4 अति संवेदनशील मतदान केंद्र पहचाने गए हैं। इन केंद्रों पर खास सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। 1 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने संभाला जिम्मा
निकाय चुनाव के मद्देनजर जिलेभर में 1,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए 5 एएसपी, 6 सीओ और 23 सीआई समेत पुलिस अधिकारियों और जवानों को जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस प्रशासन का मकसद भयमुक्त, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान करवाना है।

