स्वाइन फ्लू की चपेट में आए मरीजों के लिए राहत की खबर है। राजधानी में अब तक अस्पताल में भर्ती रहे 27 मरीजों में 22 स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। इससे अस्पतालों में भर्ती मरीजों की संख्या में कमी आई है। हालांकि संक्रमण का प्रसार अभी जारी है। मंगलवार को स्वाइन फ्लू के 10 नए मरीज मिले हैं। होम आइसोलेशन में हो रहा इलाज सीएमओ प्रवक्ता योगेश रघुवंशी ने बताया कि नए मरीजों में तीन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि सात मरीजों को चिकित्सकीय निगरानी में होम आइसोलेशन में रखा गया है। नए मामलों के साथ जिले में स्वाइन फ्लू के एक्टिव केस की संख्या 70 पहुंच गई है। वहीं, अस्पताल में भर्ती मरीजों का इलाज और निगरानी की जा रही है। होम आइसोलेशन वाले मरीजों की भी स्वास्थ्य विभाग की टीम निगरानी कर रही है। मरीजों को संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर अनावश्यक जाने से बचने, खांसते या छींकते समय मुंह-नाक ढकने और हाथों की नियमित सफाई रखने की सलाह दी गई है। बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण होने पर डॉक्टर से संपर्क करने को कहा गया है।

