Vadodara PM Modi: वडोदरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के वडोदरा में करीब 35 हजार करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। एमएस यूनिवर्सिटी ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने आधुनिक बुनियादी ढांचे, बेहतर कनेक्टिविटी और तकनीक को विकसित भारत की यात्रा का अहम आधार बताया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में दक्ष बनाने की जरूरत पर जोर दिया। साथ ही कहा कि ‘झूठ की गूंज’ के जरिए लोगों को गुमराह करने वाले हर चौराहे पर मिल जाएंगे, लेकिन भारत का युवा सच की गर्जना के साथ आगे बढ़ रहा है।
विकास परियोजनाओं से बदलेगी कनेक्टिविटी की तस्वीर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विकसित भारत के लिए ऐसी कनेक्टिविटी जरूरी है, जो सुगम होने के साथ समय के अनुरूप तेज भी हो। उन्होंने वडोदरा को गतिशक्ति यूनिवर्सिटी का शहर बताते हुए कहा कि यहां डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की आखिरी कड़ियां भी जुड़ गई हैं। उन्होंने बताया कि 2,800 किलोमीटर से अधिक लंबे डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर प्रोजेक्ट का काम पूरा हो चुका है। पीएम मोदी ने इसे 21वीं सदी के भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि आधुनिक कनेक्टिविटी देश की आर्थिक गति को नई ताकत देगी।
स्वच्छता अभियान के लिए वडोदरा के लोगों की सराहना
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत वडोदरा के लोगों का आभार जताकर की। उन्होंने विकास पर्व के दौरान शहर में चलाए गए स्वच्छता और स्वागत अभियान की भी सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि जिस सेवाभाव के साथ पूरे शहर में स्वच्छता और स्वागत अभियान चलाया गया, उसके लिए वडोदरा के प्रत्येक नागरिक की सराहना की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता का वातावरण अब हर परिवार के जीवन का हिस्सा बन रहा है और यह बदलाव देश को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण है।
AI में दक्ष होना युवाओं के लिए समय की जरूरत
प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं को लेकर कहा कि भारत की आने वाली पीढ़ी को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में दक्ष बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि AI में विशेषज्ञता की जरूरत केवल आईटी सेक्टर तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका इस्तेमाल कृषि, स्वास्थ्य, विनिर्माण और रोबोटिक्स सहित कई क्षेत्रों में किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि AI में महारत रखने वाला युवा कृषि के लिए नए समाधान तैयार कर सकता है, हेल्थकेयर सेक्टर में नई तकनीक विकसित कर सकता है और विनिर्माण क्षेत्र की उत्पादकता बढ़ा सकता है। इसके अलावा युवा रोबोटिक्स के क्षेत्र में अपना स्टार्टअप शुरू कर रोजगार और नए कारोबारी अवसर पैदा कर सकते हैं।
देश-दुनिया के उद्योगों के लिए समाधान तैयार करे युवा
पीएम मोदी ने कहा कि भारत को ऐसे युवाओं की जरूरत है, जो AI को सिर्फ एक तकनीक के तौर पर नहीं, बल्कि अलग-अलग उद्योगों में इस्तेमाल होने वाले प्रभावी साधन के रूप में समझें। उन्होंने कहा कि AI में कुशल युवा देश के साथ-साथ दुनिया के उद्योगों के लिए भी नए समाधान और तकनीक विकसित कर सकते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि भारत की युवा पीढ़ी भविष्य की तकनीकों के लिए पूरी तरह तैयार हो और वैश्विक स्तर पर अपनी क्षमता का प्रदर्शन करे।
‘झूठ की गूंज’ नहीं, सच की गर्जना के साथ आगे बढ़ रहा युवा
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि ‘झूठ की गूंज’ के जरिए लोगों को गुमराह करने वाले हर चौराहे पर मिल जाएंगे, लेकिन भारत का युवा सच की गर्जना के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश का युवा सच की गर्जना के साथ चलता है, उसी के साथ आगे बढ़ता है और उसी के लिए आगे बढ़ता है। उन्होंने युवाओं की ऊर्जा और आत्मविश्वास को भारत की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि युवा शक्ति देश के विकास और विकसित भारत के निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में कई नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव समेत कई सांसद और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने विकास परियोजनाओं को गुजरात और देश की आर्थिक गति से जोड़ते हुए कहा कि आधुनिक बुनियादी ढांचा, बेहतर कनेक्टिविटी और नई तकनीक विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

